अमेठी: कांग्रेस परिवार के करीबी और अमेछी से कांग्रेस MLC दीपक सिंह ने बड़ा दावा किया है. दीपक सिंह ने कहा है कि, कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी.
पार्टी सूत्र का कहना है कि कांग्रेस पार्टी की रिसर्च टीम काफी दिनों से वाराणसी में डेरा डाले हुए है.रिसर्च टीम जातीय आंकड़ों पर समीकरण साध रही है. खासकर ब्राह्मण, मुस्लिम को तो शुरू से पार्टी अपना मान रही है.
अब निषाद बिरादरी को और जोड़ा गया है. निषाद बिरादरी जोड़ने के पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि प्रियंका की गंगा यात्रा के दौरान इस बिरादरी को काफी लाभ हुआ था. प्रियंका ने उनकी मुश्किलों को भी हल करने का वादा किया था.
राहुल गांधी ने कहा था …
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रियंका गांधी वाड्रा को मोदी के खिलाफ उतारे जाने के सवाल पर न तो हां कहा और न ही मना किया. राहुल ने कहा, ‘मैं आपको सस्पेंस में छोड़ूंगा, सस्पेंस हमेशा बुरा नहीं होता.’ 2014 में वाराणसी से जीतकर नरेंद्र मोदी पहली बार सांसद बने थे. 2019 में भी उन्होंने इसी सीट से दोबारा लड़ने का फैसला किया है। वाराणसी में 19 मई को सातवें चरण में मतदान होगा.
