गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के शहरों के नाम बदलने को लेकर जैसे सिलसिला चल रहा है. पूर्वी उत्तर प्रदेश से उठी शहरों के नाम बदलने की मांग की लहर पश्चिमी यूपी तक पहुंच चुकी है. बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने नाम बदलने को लेकर यूपी के एक और शहर के नाम का जिक्र किया है.
राज्यसभा सांसद ने दिल्ली एनसीआर गाजियाबाद का नाम बदलने की मांग की है. इसके लिए उन्होंने सीएम को पत्र लिख कर मांग की है कि शहर का नाम ‘महाराज अग्रसेन नगर’ कर दिया जाए. राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने तर्क देते हुए कहा है कि गाजियाबाद में सबसे ज्यादा वैश्य समाज के लोग निवास करते हैं और इस वजह से शहर का नाम बदला चाहिए. राज्यसभा सांसद ने कहा कि शहर में रह रहे वैश्य समाज के लोगों की भी यही मांग है.
यह भी पढ़ें ; अयोध्या में टूट रही थी मस्जिद, ‘रो रहे थे राष्ट्रपति, सो रहे थे प्रधानमंत्री’
राज्यसभा सांसद ने कहा कि मुगल शासक गाजीउद्दीन ने गाजियाबाद बसाया लेकिन वो सिर्फ एक शासक था और शहर के विकास में वैश्य समाज का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि “जनपद में सबसे ज्यादा कारोबार वैश्य समाज द्वारा ही किया जा रहा है. सबसे ज्यादा राजस्व भी इसी जिले से सरकार को जाता है, इसलिए इस पर ध्यान देना चाहिए. गाजीउद्दी के नाम पर गजियाबाद गुलामी के दिनों की याद दिलाता है. इसलिए इसका नाम प्राथमिकता के आधार पर बदला जाना चाहिए.”
यह भी पढ़ें : 6 दिसंबर: अयोध्या में परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर
जानकारी दे दें कि अब तक सूबे के कई प्रसिद्ध शहर के नाम बदल दिए गए हैं. इससे पहले इलाहाबाद और फैजाबाद का नाम बदला गया. फैजाबाद को अयोध्या, इलाहाबाद को प्रयागराज नाम दे दिया गया. इसके बाद से ही राज्य में कई शहरों के नाम में परिवर्तन करने की मांग उठने लगी है. अब गाजियाबाद के लिए भी ऐसी मांग की जा रही है.
