बिकरू पहुंची एसआईटी टीम, बर्बरता के जुटाये साक्ष्य।

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

कानपुर:– आठ पुलिसवालों की हत्याकांड से संबंधित सभी पहलुओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) रविवार विकास दुबे के गांव बिकरु पहुंच गई. हालांकि घटना के मुख्य अभियुक्त रहे पांच लाख का इनामी विकास दुबे एसटीएफ की मुठभेड़ में मारा गया, लेकिन शासन मामले के तह तक जाना चाहता है. इसी के चलते एसआईटी टीम विकास दुबे की संपत्तियों के अलावा उसके अपराध में जुड़े होने समेत कई अन्य बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है. इस टीम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव संजय भूस रेड्डी कर रहे हैं.

हर बिंदु की पड़ताल की

एसआईटी की टीम सबसे पहले घटनास्थल बिकरु गांव पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. यहां पर आईपीएस जे रविंद्र ने घटना से जुड़े हर बिंदु की गहन पड़ताल करने के साथ ही सीओ के मारे जाने वाले स्थल और पांच सिपाही के मारे जाने वाली जगह का बारीकी से निरीक्षण किया. यहां से एसआईटी को लीड कर रहे अपर मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी कानपुर देहात के शिवली थाने पहुंचे. उन्होंने शिवली थाने में भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री संतोष शुक्ला हत्याकांड समेत विकास के खिलाफ दर्ज मुकदमों की फाइलों की जांच की. दोपहर करीब पौने दो बजे टीम वापस बिकरू के लिए रवाना हो गई.

डरे हुए हैं गांव के लोग

बिकरु गांव में घटना के बाद से लोग डरे हुए है और लोगों के बीच तनाव साफ दिख रहा है और कई घरों में ताला बंद है. वहीं अन्य घरों से लोग बाहर नहीं निकल रहे हैं. ऐसे में पुलिस और प्रशासन के अफसर गांव वालों से मिल कर विश्वास में लेने के लिए प्रयासरत हैं. अफसर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिला माहौल को सामान्य कराने में जुटे हैं. इसी क्रम में पहले शनिवार और फिर रविवार सुबह डॉ. डीएम ब्रह्मदेव तिवारी ने गांव पहुंचकर लोगों से बातचीत भी की और सुरक्षा का भरोसा दिलाया.

अपना उत्तर प्रदेश के लिए कानपुर से वरिष्ठ संवाददाता फैज़ान हैदर की रिपोर्ट।

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *