लखनऊ: लॉक डाउन के बीच दूसरे राज्यों में फंसे यूपी के प्रवासी मजदूरों के लिए राहत की खबर है. रविवार को नासिक से ऐसे मजदूरों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन लखनऊ पहुंची. इस ट्रेन में तकरीबन 847 यात्री सवार थे. उत्तर प्रदेश पहुंच कर ये यात्री काफी खुश नजर आए. लखनऊ से इन्हें इनके जिलों में भेजने के लिए यूपी परिवहन की बसें लगाई गई थीं. हालांकि इन मजदूरों से रेलवे ने ट्रेन का किराया लिया. वहीं बसों से फ्री में भेजने का इंतजाम प्रदेश सरकार ने किया. इन मजदूरों ने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर उनके लिए रोजी रोजगार का इंतजाम उनके अपने प्रदेश में हो जाएगा तो वह किसी भी दूसरे राज्य में क्यों जाएंगे.
मजदूरों की थर्मल स्कैनिंग की गई
नासिक से चलकर जब स्पेशल ट्रेन लखनऊ पहुंची तो यहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर भी पहले मजदूरों की थर्मल स्कैनिंग की गयी. हर एक यात्री की पूरी जानकारी नोट की गई. स्टेशन से बाहर निकलने पर उन्हें नास्ते का पैकेट दिया गया और फिर बसों में भेजा गया. इस दौरान रेलवे व जिला प्रशासन के साथ ही परिवहन विभाग व स्वास्थ्य विभाग की टीमें काफी मुस्तैद थीं. इन सारी प्रक्रिया के बाद इन सभी को विशेष बसों से उनके जिलों के लिए रवाना किया गया. जहां पर यह सभी लोग 14 दिन पर क्वारंटाइन होम में रहने के बाद अपने-अपने घर जाएंगे.
