अयोध्या : अयोध्या की दीपावली इस बार धूमधाम से मनाई जाएगी. बताया जा रहा है कि इस बार यहां दीपावली को विशेष बनाने के लिए करीब तीन लाख दीये जलाए जाएंगे. इस तरह यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 नवम्बर को इसमें शामिल होंगे. मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण कोरिया के संस्कृति मंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री यहां बन रहे रानी हो के मेमोरियल का शिलान्यास भी करेंगे.
अयोध्या में मनाई होने वाली इस दीपावली को भव्य बनाये जाने पर कार्य तेजी से चल रहा है. जानकारी मिली है कि दीपावली से तीन दिन पहले ही यहां तमाम तरह के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे. जिसके तहत 4 नवम्बर से यहां लोग पहुंचना शुरू हो जाएंगे. जबकि 6 नवम्बर को यहां खुद मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे.
बीते वर्ष की तरह इस साल भी पुष्पक विमान से यहां भगवान राम, लक्ष्मण और सीता को लाया जाएगा. यही नहीं, यहां लेज़र शो, धार्मिक शोभा यात्रा, तरह तरह की झांकियां आयोजित की जाएगी. इस तरह आयोजन को और भव्य बनाया जाएगा. इस बार विशेष के रूप में यहां वॉटर शो का आयोजन किया जा रहा है जो आकर्षण का केंद्र रहेगा.
आयोजकों का कहना है कि 6 नवम्बर को सरयू के पैडी पर आयोजित कार्यक्रम में तीन मंच बनाए जाएंगे. एक मंच पर मुख्यमंत्री समेत राज्य सरकार के मंत्री मौजूद होंगे. दूसरा मंच संतों के लिए बनाया जाएगा और तीसरे मंच पर भगवान राम, सीता और लक्ष्मण विराजमान होंगे.
गिनीज बुक की बात की जाए तो पिछले साल 1.71 लाख दीये यहां जलाए गये थे. लेकिन पर्यटन विभाग के आवेदन करने में देर होने की वजह से यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल नहीं हो पाया था. इस बार विभाग पहले ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल होने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर चुका है.
वहीं रानी हो के मेमोरियल का शिलान्यास भी इसी दौरान किया जाएगा. दक्षिण कोरिया के इतिहास में कहा जाता है कि 2000 साल पहले अयोध्या की राजकुमारी सुरीरत्ना उर्फ रानी हो दक्षिण कोरिया आई थीं और यहां उनकी शादी राजा सूरो से हुई थी. ऐसे में उनका एक मेमोरियल अयोध्या में भी बनाया जाना है.
