लखनऊ. उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों से बड़ी खबर आ रही है. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhliesh yadav), चाचा शिवपाल यादव से मुलाकात करने के लिए उनके घर पर पहुंचे हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अखिलेश यादव और शिवपाल यादव साथ आ सकते हैं. सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच वार्ता एक बंद कमरे में हो रही है. दोनों नेता किस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं इसका सूत्रों ने खुलासा नहीं किया है.
पिछले दिनों खबर आई थी कि शिवपाल यादव ने सपा से गठबंधन को लेकर ऐसी शर्त और सीटों की डिमांड रख दी है, जिसे अखिलेश यादव के लिए स्वीकार करना आसान नहीं है.
विपक्ष के निशाने पर चाचा और भतीजे की मुलाकात
चाचा-भतीजे की इस मुलाकात पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा है कि, जब सपा और बसपा का गठबंधन भाजपा पर कोई असर नहीं डाल पाया तो इस गठबंधन का कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा पहले सपा को अपने और जनता के बीच की खाई को पाटना चाहिए. इसके बाद आपसी दूरी कम करे तो समझ में आए.
मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके पर शिवपाल यादव ने नेताजी से मुलाकात के बाद कहा था कि हमारी पहली प्राथमिकता समाजवादी पार्टी के साथ एकजुट होकर 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा (Uttar Pradesh Assembly Elections 2022) चुनाव लड़ना है. इसके लिए उन्होंने 100 सीटों की मांग कर दी है.
प्रसपा और सपा में बातचीत जारी है
बीते कई दिनों से प्रसपा और सपा में गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है, इसकी वजह से कई जिलों में नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका है. पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों को लेकर ये बैठक बुलाई है. इसमें पार्टी अध्यक्ष चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश भी जारी करेंगे.
