बुलंदशहर : आर्मी जवान कंचन सिंह को हाल ही में आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा गया था. तो वहीं, एक और शख्स को इसी आरोप में पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि वो भी देश के खिलाफ गद्दारी करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रहा था और उसके पास से कई अहम और गोपनीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
आर्मी कैंट का नक्शा और गोपनीय दस्तावेज हुए बरामद
दरअसल, बुलंदशहर में आईएसआई एजेंट जाहिद को शुक्रवार देर रात धरदबोचा गया. जानकारी है कि जाहिद के पास से आर्मी कैंट का एक नक्शा और गोपनीय दस्तावेज मिले हैं. वहीं सूचना के बाद कई सुरक्षा एजेंसियां बुलंदशहर पहुंच गयीं. पकड़े गये जासूस से रातभर लगातार पूछताछ की कार्रवाई चली है.
यह भी पढ़ें : मेरठ : आर्मी में सेंध! पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में जवान गिरफ्तार
पता चला है कि इस जासूस के बाद मेरठ कैंट के अलावा रुड़की छावनी समेत कई छावनियों के बारे में गोपनीय जानकारी थी. बुलंदशहर के कोतवाली देहात के खुर्जा के रहने वाले जाहिद को रात में पकड़ लिया गया. जासूस के बारे में आईबी, एटीएस की टीम के पास सूचना आई थी कि जाहिद के पास मेरठ समेत कई कैंट इलाकों की गोपनीय जानकारी है. जाहिद इन जानकारियों को आईएसआई को भेज रहा है.
मोबाइल और लैपटॉप को किया जब्त
वहीं, पूछताछ और तलाशी के दौरान जाहिद के लैपटॉप और मोबाइल को जब्त कर लिया गया है जिन्हें वो आईएसआई को सूचना भजने के काम में इस्तेमाल कर रहा था. आईजी मेरठ रामकुमार ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी है. ऐसा बताया जा रहा है कि जाहिद की आर्थिक स्थिति खराब है लेकिन उसके बैंक अकाउंट में 5 लाख रुपये होने की बात सामने आयी है. फिलहाल, इस बारे में सुरक्षा एजेंसी बैंकों से भी संपर्क करेंगी.
यह भी पढ़ें : कान्हा की नगरी में बिके ‘I LOVE पाकिस्तान’ लिखे गुब्बारे, एक्टिव हुई सुरक्षा एजेंसियां
आईएसआई के निशाने पर मेरठ
ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने मेरठ को अपने निशाने पर रखा हुआ है. क्योंकि अब तक जासूसी करते आर्मी का जवान, पाकिस्तान का इजाज, आसिफ अली समेत जितने भी जासूस पकड़े गए हैं उनके पास से मेरठ कैंट से जुड़े दस्तावेज और नक्शे बरामद किए गए हैं. ये सभी मेरठ कैंट की जानकारियां ही पाकिस्तान को भेज रहे थे. जिसके बाद आर्मी और सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गयी हैं. आईएसआई ने भारत में जासूसी के जरिये कहां तक फैल गयी है इस बात की जानकारी जुटायी जा रही है.
