UP Election: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रविवार को पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पार्टी यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी. इस दौरान प्रियंका भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसीं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के राज में किसानों को कुचला जा रहा है.
प्रियंका गांधी ने पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “नेहरू जी ने कहा था, भारत माता की जय के नारे में किसान, मजदूर, महिला, श्रमिक, सैनिक, एक-एक देशवासी की जय है. गांधी, नेहरू, पटेल, अंबेडकर जैसे तमाम स्वतंत्रता सेनानियों को आजादी का मतलब मालूम था. उन्हें आजादी की कीमत पता थी. जिन्होंने आजादी के लिए खून पसीना नहीं बहाया उन्हें आजादी का मतलब समझ नहीं आता. इसीलिए बीजेपी नेतृत्व आजादी का आदर नहीं करता.”
ये भी पढ़ेंः- गारंटी है! ये ऑडियो सुन आप भी करेंगे बीजेपी विधायक की तारीफ
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई, भाईचारा भी बढ़ाया है. एक बार फिर करो या मरो का समय आ गया है. उन्होंने कहा कि आम लोगों का दर्द है कि हमें मंहगाई से मारा जा रहा है. इंसान की पहचान नहीं, केवल वोटबैंक की पहचान है. 70 साल लगे पेट्रोल को 70 रुपये तक आने में, लेकिन 7 सालों में पेट्रोल 100 पर पहुंच गया.
