लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ नाम बदलने का सिलसिला अब सियासी रूप लेता दिखाई दे रहा है. सरधना से बीजेपी विधायक संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की मांग उठाई है. सोम ने कहा है कि, मुजफ्फरनगर का नाम नवाब मुजफ्फर अली के नाम पर रखा गया है इसका नाम लक्ष्मीनगर किया जाना चाहिए. मगलों ने यहां की संस्कृति को मिटाने का काम किया है हम लोग संस्कृति को बचाने के लिए काम कर रहे हैं.
वही संगीत सोम के बाद अब आगरा का नाम बदलने की मांग भी उठने लगी है. आगरा उत्तरी सीट से बीजेपी विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कहा है कि, आगरा का नाम अग्रवन किया जाए क्योंकि, एक तो यहां बहुत सारे वन हैं और अग्रवाल समाज के लोगों की संख्या भी काफी ज्यादा है. महाभारत के समय बी इसका नाम अग्रवन था. इतना ही नहीं विधायक ने कहा है कि, वो नाम बदलने के लिए मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे.
इधर नाम बदलने की इस मुहिम को बीजेपी सरकार के साथी ओमप्रकाश राजभर ने आड़े हाथों लिया है. राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीजेपी से कहा है कि, फैजाबाद, मुगलसराय, इलाहाबाद के नाम इसलिए बदले क्योंकि वो मुगलों के नाम पर थे. ये मुद्दों से भटकाने का नाटक है वो पहले अपने तीनों मुस्लिम नेताओं ( मुख्तार अब्बास नकवी, शाहनवाज हुसैन और मोहसिन रजा ) के नाम बदलें. ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि, जो चीजें मुस्लिमों ने दी हैं वो किसी और ने नहीं दी हैं. क्या हम जीटी रोड फेंक देंगे? ताजमहल और लाल किला किसने बनवाया ये कौन नहीं जानता.
वहीं नाम बदलने पर कांग्रेस का कहना है कि, जब तोड़ मड़ोरकर ही दोबारा इतिहास लिखना है तो नाम बदलने के क्या मायने. अच्छा होगा कि लोगों की जिंदगी बदली जाए ये महत्वपूर्ण होना चाहिए.
