लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्रियों और अधिकारियों के बीच मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. लोकनिर्माण वाले विभाग में उठी लहरें अभी थमी भी नहीं थीं कि, जल वाले महकमे में जलजला उठ गया.जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने तमाम आरोपों के साथ लेटर बम फोड़ते हुए इस्तीफा दे दिया।
दलित हूं इसलिए विभाग में होता है भेदभाव: खटीक
अपने इस्तीफे में दर्द की दास्तां लिखते हुए राज्यमंत्री खटीक ने कहा है कि, जल शक्ति विभाग में दलित समाज का राज्य मंत्री होने के कारण मेरे किसी भी आदेश पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती है, ना तो बैठक की सूचना दी जाती है और ना ही योजनाओं के बारे में बताया जाता है। जिसके चलते राज्य मंत्री को विभाग के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं हो पाती है, अधिकारी केवल राज्य मंत्री को केवल विभाग द्वारा गाड़ी उपलब्ध करा देना ही राज्य मंत्री का अधिकार समझते हैं।
“तबादलों में हुआ बड़ा भ्रष्टाचार”
स्वास्थ्य विभाग के बाद अब जल शक्ति मंत्री ने तबादलों को लेकर चल रहे तनाव में दिनेश खटीक ने गंभीर आरोप लगाए हैं. खटीक का आरोप है कि, इस विभाग में स्थानांतरण सत्र में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार किया गया है. तबादलों की जानकारी मांगने पर कोई जानकारी नहीं दी गई. प्रमुख सचिव, सिंचाई, श्री अनिल गर्ग ने भी बिना मेरी पूरी बात सुने ही टेलीफोन काट दिया.मैं एक दलित जाति का मंत्री हूं. इसीलिए इस विभाग में मेरे साथ बहुत ज्यादा भेदभाव किया जा रहा है. मुझे विभाग में अभीतक कोई अधिकार नहीं दिया गया है इसलिये मेरे पत्रों का जवाब नहीं दिया जाता है। मेरे द्वारा लिखे गये पत्रों पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती है।
नमामि गंगे योजना में बड़ा भ्रष्टाचार: खटीक
पीएम मोदी की महत्वकांक्षी योजना का जिक्र करते हुए मंत्री जी ने लिखा है कि, इस विभाग में नमामि गंगे योजना के अन्दर भी बहुत बड़ा भ्रष्टाचार फैला हुआ है. मेरे विभाग में तबादलों के नाम पर गलत तरीके से धन वसूली की गयी है और इन तमाम आरोंपों के साथ मंत्री जी ने लिखा है कि, जब विभाग में दलित समाज के राज्य मंत्री का विभाग में कोई अस्तित्व नहीं है तो फिर ऐसी स्थिति में राज्य मंत्री के रूप में मेरा कार्य करना दलित समाज के लिए बेकार है. इन्हीं सब बातों से आहत होकर मैं अपने पद से त्यागपत्र दे रहा हूं।
क्या बोले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव
खटीक के इस्तीफे पर लखनऊ से दिल्ली तक हड़कंप मचा है. वहीं अपने विभाग में मचे बवाल पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, अभी जानकारी नहीं है. कोई नाराजगी नहीं है।
अखिलेश यादव बोले अगला नंबर किसका
यूपी सरकार में मचे घमासान पर विपक्ष को भी दरारों से झांकने का मौका मिल गया. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने क्रोनोलॉजी से लेकर बुलडोजर तक कई सवाल दागते हुए पूछा कि, अब अगली बारी किसकी…।
