शर्मनाकः पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने की बजाय मुस्कुराते और ठहाके लगाते दिखे बीजेपी नेता

अन्य जिले अपना लखनऊ लाइफस्टाइल/हेल्थ

सुल्तानपुरः जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने पर जहां पूरे देश के लोगो मे गुस्सा है और लोग शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडिल मार्च व आतंकवाद व पाकिस्तान के विरोध में जमकर प्रदर्शन कर रहे नजर आ रहे है तो वहीं उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में भाजपा पार्टी द्वारा आयोजित शहीद जवानों को श्रद्धांजलि सभा व आतंकवाद के खिलाफ संकल्प कार्यक्रम में बैठे भाजपाई हंसते नजर आये. भाजपाईयों की शर्मसार कर देने वाली ये फोटो सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रही है.

 “शहीद जवानों को श्रद्धांजलि व आतंकवाद के खिलाफ संकल्प कार्यक्रम”

दरअसल भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने व आतंकवाद के खिलाफ संकल्प कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी प्रांत के उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा की अगुवाई में रविवार को जिला मुख्यालय पर किया गया. जिसमे पार्टी जिलाध्यक्ष से लेकर पूरा संगठन मौजूद रहा . इस श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम में मौजूद पार्टी के कई बड़े पदाधिकारी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में शोक व्यक्त करने की जगह मुस्कुराते नजर आये जिसकी फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गयी और भाजपाइयों की इस हरकत पर लोग तीखी टिप्पड़ी करने लगे .

यह भी पढ़ें : शहीद की पत्नी बोलीं, शहादत से कुछ नहीं होता, सरकार हो या प्रशासन सब स्वार्थी

क्या था पूरा मामला 

भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्र की उपस्थिति में जिला मुख्यालय के सुपर मार्केट स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में उनकी प्रतिमा के पास आतंकवाद के खिलाफ संकल्प और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ था. जिसमें दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा हमले के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. जहां पर भाजपाईयों ने बड़े बड़े संकल्प लेते हुए कहा कि पुलवामा में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों का बलिदान बेकार नही जायेगा. सरकार सेना के पराक्रम से आतंकिस्तान व आतंकवादियों को नेस्तनाबूद करेगी. लेकिन इस सभा के बाद जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई उसमें चौकाने वाली ख़ास बात ये रही कि पीएम मोदी के क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के बड़े नेता रामचंद्र मिश्रा , पार्टी जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू, पूर्व पालिकाध्यक्ष व प्रतापगढ़ जिले के लोकसभा प्रभारी प्रवीण अग्रवाल ,भाजपा के जिला महामंत्री कृपा शंकर मिश्रा की संवेदना इस क़द्र मर गई के ये सभी सभा स्थल पर ही बैठकर मुस्कुराते रहे और इनकी इस हरकत को कुछ एक भाजपाइयों ने अपने कैमरे में कैद कर ली और उसके बाद ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई. फिर क्या था भाजपाइयों की शर्मसार कर देने वाली इस हरकत पर हर तरफ भाजपा पार्टी की पूरे जिले में किरिकिरी हो रही है और हर तरफ से लोगों की तीखी प्रतिक्रिया आना शुरू हो गई.

अन्य राजनैतिक दलों के नेताओं ने बताया शर्मनाक

बसपा के सुल्तानपुर लोकसभा प्रभारी व पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू की माने तो उनका कहना है कि एक तरफ जहां भारत के वीर सपूतों की शहादत से पूरे देशवासियों की आंखें नम है और लोगों में गुस्सा है तो वहीं सत्तासीन भाजपा के लोगों द्वारा किया गया ऐसा कृत्य बेहद शर्मनाक है जिसकी जितनी निन्दा किया जाये वो कम है .

पूर्व कॉपरेटिव चैयरमैन सपा नेता धर्मेंद्र कुमार बबलू ने इस मामले पर अपना बयान देते हुए कहा कि देश के लोग शहीदों के सम्मान में आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला दहन कर अपना विरोध प्रदर्शन जाहिर कर रहे है और भाजपा के लोगो द्वारा इस तरह का कृत्य किया जाना घोर निंदनीय है और ये लोग माफी के काबिल भी नही है .

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्रा मुन्नू ने कहा की ये विषय राजनीति का नही है जवानों की शहादत पर पूरा देश गम में है .दुख की इस घड़ी शहीद जवानों के परिवार वालो के साथ पूरे देश के लोग खड़े है लेकिन शर्मसार कर देने वाली भाजपा की इस हरकत पर मेरा मानना है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपने पार्टी के नेताओं की इस हरकत को संज्ञान में लेकर उनपर कार्यवाही करनी चाहिए जिससे उनको ये समझ आये की आखिर शहीद जवानों का सम्मान कैसे किया जाता है .

सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *