अयोध्या: आगामी लोकसभा चुनावों से पहले अयोध्य़ा में राम मंदिर बनाने की मांग करने और राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने की मांग करने वाले अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया आज अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं. सोमवार को तोगड़िया ने अयोध्या से नया नारा दिया है, ‘अबकी बार हिन्दू सरकार’.
सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक, प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं. अयोध्या में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अगली सरकार हिन्दू सरकार होगी, जो कि शपथ ग्रहण के साथ ही मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर देगी.
यह भी पढ़ें : तो मुलायम सिंह ‘खिलाड़ी’ या ‘अंपायर’ ?
इन मुद्दों पर की बातचीत
उन्होंने कहा कि सत्ता में जो नई सरकार आएगी वह युवाओं को रोजगार देने के साथ किसानों का कर्ज माफ करेगी. जानकारी के मुताबिक, तोगड़िया मंगलवार सुबह रामकोट की परिक्रमा भी करेंगे और इसके बाद सरयू तट पर संकल्प सभा में बीजेपी सरकार के विकल्प को सार्वजनिक करेंगे.
प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि वे ‘राम मंदिर नहीं, तो वोट नहीं’ आंदोलन को खत्म करने वाले नहीं हैं. अबकी बार हिंदुओ की सरकार बनेगी. जल्द ही इस पर फैसला होगा कि किसे वोट देना है. उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता के सामने एक नया विकल्प देना है. उन्होंने कहा कि जो भी राम मंदिर निर्माण की बात करेगा, वोट उसी को मिलेगा.
