अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनावों की तैयारी शुरू हो गई है. खास बात यह है वुमेन कॉलेज की इंडस्ट्रियल केमेस्ट्री एवं कंप्यूटर एप्लीकेशन की छात्राएं मुख्य कैंपस स्थित फैकल्टी में मतदान करेंगी. इन चुनावों के लिए एक तरफ छात्र काफी उत्साहित हैं, तो दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय तौर पर काम कर रहे हैं.
75 सदस्यीय कोर कमेटी गठित
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन चुनावों के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी ने 75 सदस्यीय कोर कमेटी गठित कर अनुमोदन के लिए कुलपति को भेजा है. इसके साथ ही प्रत्याशियों के लिए काउंटर भी खोले गए हैं.
यह भी पढ़ें : AMU विवाद : महबूबा मुफ्ती बोलीं- ‘कश्मीरी छात्रों को जनाजे की नमाज अदा करने का हक है’
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जहीरूद्दीन ने की घोषणा
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जहीरूद्दीन ने चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए छात्रों को बताया कि रविवार को यूनियन हॉल में एक बैठक का आयोजन किया गया था. इस दौरान 75 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया है. उन्होंने बताया कि इन चुनावों में यह 75 सदस्यीय टीम निगरानी समेत तमाम कम करेगी. इस सूची को अनुमोदन के लिए कुलपति प्रो. तारिक मंसूर के पास भेज दिया गया है. अनुमोदन के बाद कोर कमेटी की बैठक होगी. इस बैठक में सभी लोगों के काम का निधारण किया जाएगा.

3 नवंबर को होंगे चुनाव
बता दें कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 3 नवंबर को छात्र संघ के चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों के लिए छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव के अतिरिक्त कैबिनेट सदस्य एवं कोर्ट सदस्य का चुनाव होना है. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव पद के नामांकन के लिए 200 रुपये फीस निर्धारित की गयी है, जबकि कैबिनेट सदस्य एवं कोर्ट सदस्य के लिए 100-100 रुपये निर्धारित हैं.
