लखनऊ/रामपुर: अब तक 83 मुकदमों का सामना कर रहे रामपुर से सपा सांसद आजम खान (Azam Khan) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. अब आजम खान (Azam Khan) नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के रडार पर आ गए हैं. एनजीटी ने कोसी के डूब क्षेत्र के अतिक्रमण मामले में जौहर यूनिवर्सिटी (Jauhar University) के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान लिया गया फैसला
सोमवार को एनटीजी में दाखिल की गई एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रशासन की ओर से यह आदेश जारी किया गया है. एनजीटी अध्यक्ष आदर्श कुमार गोयल की पीठ ने कहा कि कोसी नदी गंगा की सहायक नदी है और इसके तटों पर अतिक्रमण करने वालों पर संबंधित ट्रिब्यूनल को कार्रवाई करनी चाहिए.
दरअसल, 13 अगस्त 2019 को उत्तर प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक रिपोर्ट एनजीटी के समक्ष पेश की गई थी. इस रिपोर्ट में जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट पर कोसी के डूब क्षेत्र पर अवैध तरीके से कब्ज़ा करने की बात कही गई है. इसके खिलाफ आयुक्त मुरादाबाद के यहां सुनवाई के लिए अपील लंबित है. एफआईआर दर्ज करने के साथ ही इसके लीज को रद्द करने की प्रक्रिया भी की गई है.
