लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhliesh Yadav) ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से नाराजगी को देखकर लगता है कि सपा राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में 400 सीटें जीत लेगी. सपा अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘सरकार हर मुद्दे पर नाकाम है. अभी तक तो हम 350 बोलते थे लेकिन जिस तरह की नाराजगी जनता के बीच में है, हो सकता है हम 400 सीटें जीत जाएं. आज तो स्थिति ऐसी है कि बीजेपी के पास प्रत्याशी कम पड़ जाएंगे. प्रत्याशी टिकट ही नहीं मांगेंगे.’
अखिलेश ने कहा कि पिछले रविवार को मिर्जापुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक रैली में कहा था कि प्रदेश की बीजेपी सरकार ने वर्ष 2017 में जारी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र का हर वादा पूरा कर दिया है. मगर सच्चाई यह है कि बीजेपी ने अभी तक अपना घोषणापत्र खोलकर देखा भी नहीं है.
ये भी पढ़ेंः- ये हैं सीएम योगी के ‘जबरा फैन’, विधानसभा चुनावों में करना चाहते हैं प्रचार
मेनिफेस्टो नहीं मनीफेस्टो बनाते हैं बीजेपी के लोग
उन्होंने बीजेपी पर राजनीति को जनसेवा नहीं बल्कि कारोबार का जरिया बनाने का आरोप लगाते हुए कहा ‘बीजेपी के लोग ‘मेनिफेस्टो’ नहीं बल्कि ‘मनीफेस्टो’ बनाते हैं. इनके लिए राजनीति एक बिजनेस है. बीजेपी का धोखा जनता ने देख लिया है. बीजेपी की कोई काम करने की संस्कृति नहीं है अगर रही होती तो शायद कुछ काम भी किए होते.’
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों की जान बचाने में पूरी तरह से विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी सरकार और प्रशासन ने जनता को धोखा दिया और बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई.
ये भी पढ़ेंः- ‘शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाना भी बलात्कार’- इलाहाबाद हाईकोर्ट
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश को कुपोषण के मामले में, गंगा में शव बहाने, लाशों पर से कफन उतारने, कोविड-19 महामारी के दौरान दवाओं की कालाबाजारी करने, पंचायत चुनाव में ड्यूटी कराकर शिक्षकों की बलि देने, बेगुनाह लोगों को जेल में डालने, विशेष धर्म और जाति के लोगों पर अत्याचार करने, बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाकर अपनी नाकामी छिपाने और हिरासत में मौत के मामले में नंबर एक राज्य करार देते हुए इसके लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
