अलीगढ़ : शहर स्थित सीमा टॉकीज के पास कचौड़ी की दुकान लगाने वाले व्यापारी मुकेश इन दिनों कर विभाग की नजरों में है, और इसकी वजह है उसका करोड़पतति होना. पिछले दस-बारह साल से मुकेश कचौड़ी व समोसे बेचता है. मगर आपको जानकर हैरानी होगी की कचौड़ी व्यापारी का सालाना टर्न ओवर 60 लाख रुपये से अधिक है. पिछले 10 सालों से व्यापारी कचौड़ी व समोसे का काम कर रहा है.
व्यापारी ने स्वीकारी टर्नओवर की बात
व्यापारी के संबंध में बीते दिनों स्टेट इंटेलीजेंस ब्यूरो लखनऊ को शिकायत प्राप्त हुई. मामला लखनऊ से अलीगढ़ पहुंचा तो अलीगढ़ वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी के अधिकारियों ने पहले कचौड़ी वाले की दुकान की तलाश की. दुकान मिलने के बाद दो दिन तक आस-पास बैठकर बिक्री का जायजा लिया. इसके बाद विभाग की टीम 21 जून को सर्वे करने पहुंची. सर्वे की कार्रवाई शुरू हुई तो व्यापारी ने खुद ही हर माह लाखों रुपये के टर्न ओवर की बात स्वीकार कर ली. ग्राहकों की संख्या, कच्चे माल की खरीद, रिफाइंड, चीनी व गैस सिलेंडर खर्च के बारे में दुकानदार ने सभी जानकारी दे दी.
सालाना टर्नओवर 2 करोड़ तक
जांच अफसरों का दावा है कि प्राथमिक जांच में ही 60 लाख टर्न ओवर सामने आया है, लेकिन विस्तृत जांच में सालाना टर्न ओवर एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है. विभाग की कार्रवाई के बाद शहर के नामचीन और बड़े कचौड़ी वाले विभाग के निशाने पर आ गए हैं. अलीगढ़ में करीब 600 कचौड़ी बेचने वाले छोटे-बड़े दुकानदार हैं.
