दिल्ली के बाद अब अलीगढ़ में भी शाहीन बाग और जाफराबाद

अपना अलीगढ़ होमपेज स्लाइडर

अलीगढ़ : नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए उपद्रव के तीसरे दिन मंगलवार को भी शहर में जबरदस्त तनाव रहा. मुरादाबाद-अनूपशहर हाईवे को जोड़ने वाले क्वार्सी बाईपास स्थित जीवनगढ़ पुलिया पर प्रदर्शनकारी महिलाएं पिछले सोमवार दोपहर से जाम-धरना लगाए बैठी हैं. वहीं शाहजमाल ईदगाह पर चल रहा धरना भी 29वें दिन जारी रहा. पुरानी चुंगी स्थित एएमयू गेट पर भी धरना जारी रहा. मुस्लिम बहुल इलाके के बाजारों में बंदी का मिला- जुला असर देखने को मिला. दिन में पुलिस प्रशासनिक टीम ने पैदल फ्लैगमार्च किया. पूरे शहर में तरह-तरह की अफवाहें फैलती रहीं. इंटरनेट पर लगी रोक को बुधवार रात 12 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है.

अलग अलग हिस्सों में हो रहे प्रदर्शन

रविवार को ऊपरकोट से प्रदर्शन कर रही महिलाओं को और सोमवार तड़के जमालपुर से महिलाओं को हटाए जाने के बाद सोमवार दोपहर करीब तीन बजे से जीवनगढ़ पुलिया स्थित क्वार्सी बाईपास पर महिलाएं जाम लगाकर धरने पर बैठी हैं. हालांकि सोमवार को देर रात तक उन्हें समझाने के प्रयास चलते रहे. मगर वह नहीं मानीं तो पुलिस प्रशासनिक मशीनरी उनसे कुछ दूर डेरा जमा कर बैठ गई है. वहीं क्वार्सी चौराहे से कमिश्नरी को जाने वाले रास्ते पर यातायात अवरुद्ध कर दिया गया है. महेशपुर फाटक से क्वार्सी की ओर वाहन नहीं आने दिए जा रहे .

लगातार बढ़ रही प्रदर्शनकारियों की संख्या

मंगलवार सुबह से यहां प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई और बाईपास पर आधा किमी दूरी तक महिलाएं जमा हो गईं. उनके ऊपर तंबू भी तान दिया गया और हाथ से लिखे सीएए-एनआरसी विरोधी बैनर भी लगा दिए गए. वहीं युवकों की भीड़ तिरंगे लिए उनका हौसला भी बढ़ा रही . माइक से एएमयू की छात्राएं इन महिलाओं के बीच धरने को संबोधित कर रही हैं. शाहजमाल ईदगाह पर चल रहा धरना भी 29वें दिन जारी रहा. यहां दोपहर तक भीड़ कम रही, मगर शाम होते-होते महिलाओं की संख्या कई हजार पहुंच गई. पुरानी चुंगी स्थित एएमयू गेट पर भी धरना जारी रहा.

इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ाई

इधर, उपद्रव के बाद पुराने शहर में ऊपरकोट, चंदनशहीद रोड, घास की मंडी, बाबरी मंडी, खटीकान, चरखवालान, शाहजमाल में तीसरे दिन भी बंदी का मिला जुला असर रहा. ऊपरकोट पर मस्जिद के आसपास बाजार मंगलवार को भी पूरी तरह बंद रहा. लोग गलियों के मोड़ व मुहानों पर टोलियों में खड़े रहे. हालात बेहद तनावपूर्ण रहे और दिन भर तरह-तरह की अफवाहें इस तनाव को बढ़ाने का काम करती रहीं. दिन में पुलिस प्रशासनिक टीम ने पैदल फ्लैगमार्च कर माहौल सामान्य करने का प्रयास किया. शाहजमाल धरने में शाम को महिलाओं की भीड़ बढ़ने और प्रदर्शन उग्र होने के कारण वहां भी सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं.

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *