लखनऊ : कोरोनावायरस से पैदा होने वाले संकट के बीच उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुए आयोजन से लौटे 95 प्रतिशत लोगों की पहचान कर ली गई है. अवस्थी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह भी निर्देश जारी किया गया है कि जिन लोगों ने अपनी पहचान जाहिर नहीं की, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए.
10 से 12 लोगों की पहचान बाकी
तबलीह जमात आयोजन से लौटे 95 प्रतिशत लोगों की पहचान कर ली गई है, केवल 10 से 12 लोगों की पहचान बाकी है. इसके लिए सभी जिलाधिकारियों और CMO को निर्देश जारी कर दिया गया है. अपर मुख्य सचिव (गृह) ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की घटना को गंभीरता से लिया है. मुख्यमंत्री ने दिल्ली की घटना की समीक्षा के लिए आगरा, सहारनपुर और लखनऊ के अधिकारियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर स्थिति के विषय में जानकारी लेंगे.
