नई दिल्ली. दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना वायरस (Delhi Coronavirus Case updates) और उसके नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron in India) के फैलने के बाद रेस्तरां और बार को बंद करने का फैसला लिया गया है. अब ग्राहकों केवल ‘टेक अवे’ सुविधा ले जाने की इजाजत होगी. सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए की बैठक के बाद यह जानकारी दी गई.
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि दिल्ली स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में अतिरिक्त जनशक्ति की पर्याप्त व्यवस्था करने और 15-18 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों सहित टीकाकरण के प्रयासों को बढ़ाने के लिए कहा गया है. प्रति जोन प्रति दिन केवल एक साप्ताहिक बाजार के संचालन की इजाजत होगी.
उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बात पर चर्चा की गई कि मौजूदा पाबंदियों को कैसे सख्ती से लागू किया जाए ताकि कोरोना वायरस और इसके नए स्वरूप ओमीक्रोन के फैलने पर अंकुश लगाया जा सके. इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल थे. इस बात पर भी चर्चा हुई कि दिल्ली में लगाई गई पाबंदियों को समूचे एनसीआर में भी लागू करना चाहिए.
