लखनऊ/रामपुर: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और सांसद आजम खां, यूपी विधानसभा चुनाव के रण में उतरेंगे. और इसके लिए वो सांसद छोड़ेंगे. दरअसल, समाजवादी पार्टी ने रामपुर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है. इसके तहत शहर विधानसभा सीट से सांसद आजम खां को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि स्वार टांडा से उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा चमरौआ और मिलक सुरक्षित सीट से पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया है, जबकि, बिलासपुर विधानसभा सीट से अमरजीत सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
9 बार विधायक रहे हैं आजम खां
जिस शहर विधानसभा सीट से सांसद आजम खां चुनाव लड़ेंगे उस सीट से आजम खां नौ बार विधायक रहे हैं साथ ही प्रदेश में जब-जब सपा की सरकार बनीं, तो वे सबसे ताकतवर मंत्री बने ।
अब्दुल्ला स्वार से फिर रण में…
वहीं स्वार टांडा विधानसभा सीट से आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम खां समाजवादी पार्टी के टिकट पर एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरेंगे. 2017 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें प्रत्याशी बनाया गया था और जीत भी गए थे, लेकिन उम्र पूरी न होने के कारण हाईकोर्ट ने उनका निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया था. अब सपा ने उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाया है।
आजम खां के करीबियों को भी टिकट
इसके अलावा चमरौआ से आजम खां के करीबी मौजूदा विधायक नसीर अहमद खां एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे. जबकि, मिलक सुरक्षित सीट से सपा ने पूर्व विधायक विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया है. विजय सिंह 2012 में सपा के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, बिलासपुर विधानसभा सीट से सपा ने अमरजीत सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
