रामपुर: समाजवादी पार्टी के रामपुर से सांसद और वरिष्ठ नेता आजम खान की आफत कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामले में उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंच्रल वक्फ बोर्ड ने जौहर ट्रस्ट को वक्फ संख्या 157 यतीम खाने के मुतवल्ली पद से हटा दिया है. आजम खान जौहर ट्रस्ट के संस्थापक और अध्यक्ष है ऐसे में ये फैसला आजम खान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
रामपुर स्कूल पर भी खतरा!
बताया जा रहा है कि, आजम खान का स्कूल रामपुर पब्लिक स्कूल भी वक्फ की जमीन पर है. जौहर ट्रस्ट को हटाने के बाद इस मामले में बोर्ड ने अब जुनैद खान को इस वक्फ का प्रशासक नियुक्त किया है. जुनैद खान वक्फ के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हैं. वहीं इस आदेश के बाद यतीम खाने की जमीन 26 परिवारों को लौटा दी जाएगी.
क्या है पूरा मामला ?
इस मामले में लड़ाई लड़ रहे फैसल लाला कहते हैं कि, ‘ साल 2016 में जब आजम खान वक्फ के मंत्री थे तो उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वक्फ संख्या 157 यतीमखाना रामपुर पर अपना कब्जा कर लिया. तब रात के अंधेरे में कई परिवारों को उनके घरों से बाहर कर दिया गया और यतीमखाने की जमीन पर एक इमारत खड़ी कर दी गई. जिस जगह पर अवैध कब्जा करके इमारत खड़ी की गई उस पर आजम खान ने जौहर ट्रस्ट को मुतवल्ली बना दिया.
