सीएम योगी ने हनुमान जी को कहा ‘दलित’ तो कब्जा लिए गए मंदिर !

अन्य जिले अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

लखनऊ/आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हनुमान जी को दलित बताये जाने पर छिड़ा सियासी और सामाजिक दंगल और तेज होता दिख रहा है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दलितों ने प्रदर्शन किया वहीं लखनऊ और आगरा में हनुमान जी के मंदिरों पर कब्जा कर लिया है. दलित समाज के लोगों का तर्क है कि, जब हनुमान जी दलित थे तो उनके मंदिर भी हमारे हैं.

हंगामा है क्यों बरपा?

बता दें कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि, हनुमानजी वंचित, वनवासी और दलित थे उनके इस बयान के बाद ऐसा हंगामा बरपा है कि, दलित संगठन हनुमान जी के मंदिरों पर अपना हक बता रहे हैं.

कहां-कहां हुआ प्रदर्शन और मंदिरों पर कब्जा?

आगरा के लंगड़ी की चौकी इलाके में हनुमान जी के पुराने मदिर में दलित समाज के लोगों ने पहुंचकर पूजा पाठ किया और हनुमान चालीसा पढ़ा. उन लोगों का कहना है कि, अब जब ये साफ हो गया है कि हनुमानजी दलित थे तो उनके मंदिरों की जिम्मेदारी हमारी है. वहीं राजधानी लखनऊ में भी दलित उत्थान सेवा समिति के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दलित समाज के लोगों ने ‘हनुमानजी हमारे हैं’ जैसे स्लोगन लिखे बैनर पोस्टरों के साथ हजरतगंज के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मंदिर के बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और मंदिर को उनके हवाले करने की मांग की. सीएम योगी बयान पर जहा कई लोगों ने आक्रोश जताया है वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनका कहना है कि, हम सीएम योगी के आभारी हैं कि उन्होंने हमे बताया कि हनुमानजी हमारे समाज से हैं. अब हनुमानजी के मंदिरों की देखरेख और उन्हें संभालने का जिम्मा दलितों का है.

सीएम को नोटिस भेजने की तैयारी
वहीं ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा ने सीएम योगी के बयान पर नाराजगी जताई है. महासभा ने सीएम योगी को नोटिस भेजने की बात करते हुए कहा है कि, ‘हनुमानजी वानर थे और दलितों की तुलना हनुमानजी से की जा रही है. ये दलितों का अपमान है’. ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा के चेयरमैन अशोक भारती के मुताबिक ‘जल्द ही महासभा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को एक नोटिस भेजने जा रही है. सीएम योगी ने हनुमानजी को दलित बताकर दलितों का अपमान किया है. हनुमानजी वानर जाति से थे और दलित इंसान हैं. इसलिए दलितों की तुलना हनुमानजी से करके उन्होंने दलितों का अपमान किया है’.

वहीं ब्राहम्ण महासभा ने भी मुख्यमंत्री के इस बयान पर एतराज जताया है. तमाम विपक्षी दल भी इसी बहाने सीएम योगी और बीजेपी पर जमकर वार कर रहे हैं. वहीं बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री का पूरी तरह से बचाव किया जा रहा है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि, सीएम के बयान का गलत मतलब निकाला जा रहा है.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *