बांदा : उत्तर प्रदेश में बांदा जिला मुख्यालय में तैनात दो सिपाहियों को वर्दी की आन बचाना मंहगा पड़ गया है. दोनों सिपाहियों ने वर्दी फाड़ने की धमकी पर सोमवार को स्थानीय BJP जिलाध्यक्ष के नाबालिग बेटे को कथित रूप से तमाचा जड़ दिया था, जिन्हें अब निलंबित कर दिया गया है. वाकया सोमवार दोपहर को बांदा शहर की सिविल लाइन पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ.
पद का रौब दिखा रहा था जिलाध्यक्ष का बेटा- सिपाही
कुछ पुलिसकर्मी नियमित वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार BJP जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद का 17 वर्षीय बेटा जयप्रकाश यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए एक सिपाही से उलझ गया और अपने पिता के पद का रौब दिखाते हुए पुलिस वालों से खूब अभद्रता की. प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि BJP नेता के बेटे ने जब सिपाहियों को उनकी वर्दी फाड़ने की धमकी दी, तो राजेन्द्र और विमलेश नामक सिपाही ने उसे यह कहते हुए तमाचा जड़ दिया कि यह वर्दी हमारी ‘आन-बान-शान’ है. हालांकि, इस घटना के बाद आक्रोशित BJP समर्थकों के हुजूम ने पहले सिविल लाइन पुलिस चौकी का घेराव किया, बाद में नगर कोतवाली में धावा बोलकर काफी बवाल किया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई कार्रवाई
नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल और पुलिस अधीक्षक ने एक साथ सिविल लाइन पुलिस चौकी के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं. जिसपर एक सिपाही BJP जिलाध्यक्ष के बेटे को तमाचा मारते दिख रहा है. उन्होंने कहा, “पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिपाही राजेंद्र और विमलेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.”वहीं, निलंबित दोनों सिपाहियों ने कहा, “जब तक जयप्रकाश (BJP जिलाध्यक्ष का बेटा) हमारी बेइज्जती करता रहा, बर्दास्त किया लेकिन जब उसने वर्दी की तौहीन की तो गुस्से में उसे तमाचा मार दिया. वर्दी हमारी आन-बान-शान है और वर्दी पहनते समय हमें इसके लिए मर-मिटने की कसम खिलाई गई है.”
