लॉकडाउन में ऑनलाइन हुआ निकाह, वीडियो कॉल पर बोला…कुबूल है…कुबूल है…कुबूल है

अपना बुलंदशहर होमपेज स्लाइडर

बुलंदशहर : कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में फिलहाल लॉकडाउन लागू है. 21 दिन का पहला लॉकडाउन खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे लॉकडाउन की घोषणा की थी. यह तीन मई तक चलेगा. इस दौरान जरूरी कार्य को छोड़कर सभी तरह की गतिविधियों पर पाबंदी है. ऐसे में लोग पहले से तय कार्यक्रमों को टेक्नोलॉजी के सहारे पूरा कर रहे हैं. इससे काम भी हो जा रहा है और लॉकडाउन का उल्लंघन भी करने से आप बच जा रहे हैं. इसी तरह का मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में. यहां लॉकडाउन-2 के दौरान ऑनलाइन निकाह करने की खबर आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को सफल बनाने के लिए खुर्जा के दूल्हे ने अपने घर से वीडियो कॉल करके बोला निकाह कुबूल है… कुबूल है… कुबूल है…

नोएडा जानी थी बारात

दअरअसल 21 दिन का लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म होना था. अब फिर 3 मई तक का लॉकडाउन-2 शुरू हो गया है. 15 अप्रैल को खुर्जा के मोहल्ला पंजाबियान निवासी आरिफ की बारात गौतमबुद्धनगर जनपद  के जारचा में जानी थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन-2 का आह्वान कर दिया और लोगों को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अपने  घरों में रहने की अपील की. दूल्हे आरिफ व उसके परिवार ने लॉकडाउन-2 का ख्याल रखते हुए काजी को अपने घर पर बुलवा लिया और वीडियो कॉल के माध्यम से निकाह की रस्म अदायगी हुई. दो अलग-अलग शहरों में बैठे दूल्हा-दुल्हन ने खुशी-खुशी वीडियो कॉल पर बोल दिया कि निकाह कुबूल है… कुबूल है… कुबूल है…

सोशल डिस्टेंसिंग का हुआ पालन

इस निकाह की खास बात यह भी है कि घर में भी सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा गया. दूल्हा आरिफ ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए ही वीडियो कॉलिंग के माध्यम से निकाह पढ़ा गया है. इस बात की तकलीफ है कि धूमधाम से शादी नहीं हो सकी, लेकिन इस बात की खुशी है कि यह बात दशकों तक लोगों को याद रहेगी.

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *