प्रयागराज/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं. एक के बाद एक आदेश आ रहे हैं और अधिकारी उनका पालन कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर राष्ट्र के प्रति प्रेम को जताने के लिए अधिकारियों की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है. उत्तर मध्य रेलवे एनसीआर के इलाहाबाद जंक्शन सहित 11 अन्य प्रमुख स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा फहराने का आदेश जारी किया है.
ए-वन ग्रेड में होगा काम- अधिकारी
उत्तर मध्य रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद अधिकारियों ने रेलवे स्टेशनों पर तिरंगे को फहराए जाने का काम शुरू कर दिया है. अधिकारियों ने कहा कि इस काम को ए-वन ग्रेड में कम से कम समय में पूरा किया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के तमाम स्टेशनों पर 100 फीट के झंडे को लगाने के काम की आखिरी तारीख 31 दिसंबर तक पूरा करने का समय निर्धारित किया गया है.
क्षेत्रीय रेलवे को जारी किया गया पत्र
इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को पत्र जारी किया है. पत्र में 75 स्टेशनों की सूची में एनसीआर जोन का इलाहाबाद जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट और झांसी जंक्शन जैसे स्टेशनों का नाम शामिल किया गया है.

इलाहाबाद होगा पहला जंक्शन
रेलवे तिरंगा झंडा लगाने का कार्य सबसे पहले इलाहाबाद जंक्शन में करेगा. इसके अलावा अन्य रेलवे स्टेशनों पर आने वाले दिनों में लगाया जाएगा. राष्ट्रीय ध्वज लगाने का उद्देश्य यात्रियों में राष्ट्रभक्ति की भावना बढ़ाना है. रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक स्टेशन विकास विवेक सक्सेना की ओर से जारी आदेश एनसीआर सहित सभी जोनल रेलवे को मिल चुका है.
