अमेठी: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी दौरे के दौरान एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक के मामले में कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर इस मामले की जांच करने के लिए कहा है.
हरे रंग के लेजर से राहुल को किया गया टारगेट
अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गृहमंत्री राजनाथ सिंह को लिखे गए खत में कांग्रेस ने कहा है कि नामांकन दाखिल करने के बाद जिस समय राहुल गांधी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, उस समय राहुल गांधी के सिर के हिस्से पर हरे रंग की लेजर से टार्गेट किया गया था. देखिए वीडियो
सात बार राहुल को किया गया टारगेट
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस हरे रंग के लेजर से राहुल गांधी को एक या दो बार नहीं बल्कि 7 बार टारगेट किया गया है. इस घटना को यूपी प्रशासन की ओर से एक चूक बताते हुए पार्टी ने सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की है. कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, जयराम रमेश और रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा साइन किए खत में कहा गया है कि किसी भी राजनीतिक मतभेद के बावजूद राहुल गांधी की सुरक्षा सरकार और मंत्रालय की जिम्मेदारी है.
राहुल ने अमेठी ने भरा है नामांकन
बता दें कि राहुल गांधी ने बुधवार को अमेठी में नामांकन दाखिल किया था. इस दौरान राहुल ने डीएम ऑफिस के बाहर मौजूद पत्रकारों से बातचीत की थी. राहुल ने नामांकन भरने से पहले अमेठी में तीन किलोमीटर का लंबा रोड शो भी किया था, इस दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी और उनका परिवार भी मौजूद था.
