लोकसभा चुनाव 2019 के लिए गुरुवार को पहले चरण का मतदान शुरू हुआ जिसके बाद से ही उम्मीदवारों की किस्मत को ईवीएम में वोटरों ने बंद करना शुरू कर दिया. देश के 20 राज्यों की 91 सीटों में मतदान हो रहा है और भारी संख्या में वोटर मतदान केंद्रे पहुंच रहे हैं लेकिन इस पहले चरण के मतदान को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बीजेपी उम्मीदवार संजीव बालियान ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
दरअसल बालियान का आरोप है कि फर्जी वोटिंग की जा रही है. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के सुजदो गांव में फर्जी वोट डाले जा रहे हैं और जो औरतें बुर्का पहनकर आ रही हैं उनकी चेकिंग नहीं की जा रही. उन्होंने कहा कि “मुझे लगता है कि फर्जी वोट डाले जा रहे हैं. अगर इसकी जांच नहीं होती है तो मैं दोबारा मतदान की मांग करूंगा.”
बालियान यहीं नहीं रुके, उन्होंने ये भी कहा कि मैं समीकरण के हिसाब से नहीं चलूंगा, 24 घंटे जनता के बीच में रहता हूं. जमात-ए-इस्लामी हिंद वोटों का ध्रुवीकरण कर रहा है. हमने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि एक महिला बिना साइन किए वोट डालकर चली गयी. उन्होंने आगे कहा कि यहां कुल 26 बूथ हैं जहां उनके एजेंट नहीं हैं, करीब 23-24 बूथ पर एजेंट मौजूद नहीं हैं.
आपको बता दें कि मुजफ्फरनगर से बीजेपी ने अपने उम्मीदवार संजीव बालियान को चुनावी मैदान में उतारा है जिन्होंने साल 2014 में इस सीट पर भारी अंतर से जीत दर्ज करते 6,53,391 वोट हासिल कर बसपा के कादिर राणा को करीब 4,01,150 वोटों से हरा दिया था। वहीं गठबंधन की पार्टी आरएलडी के अजित सिंह ने इस बार यहां से चुनाव लड़ने का फैसला लिया है.
ऐसा नहीं है कि इस तरह के वाक्ये केवल मुजफ्फरपुर में ही देखने को मिला. इसके अलावा भी कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जो बेहद चौंकाने वाले हैं. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा IED ब्लास्ट की साजिश का भी खुलासा हुआ है लेकिन उन्हें नाकामयाबी हाथ लगी. बताया जा रहा है कि नक्सली लगातार मतदान का विरोध करने में लगे हैं.
बिहार की गया लोकसभा सीट में पोलिंग बूथ के पास बम मिलने की खबर से माहैल दहशत भरा हो गया है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के ही गौतमबुद्ध नगर, उत्तराखंड के देहरादून समेत कई इलाकों में ईवीएम के खराब होने सूचना मिल रही है. दक्षिण के आंध्र प्रदेश में भी ईवीएम को नुकसान पहुंचाने वाले एक उम्मीदवार की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
