नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सियासी दंगल में अब वो वक्त आ गया जहां सभी दलों के धुरंधरों की किस्मत का फैसला होना है. 12 मई को दिल्ली की सातों सीटों पर मतदान हो रहा है. जीत की पताका फहराने के लिए बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने एड़ी चोटी का जोर लगाया है. सियासदताओं से लेकर सेलिब्रिटी तक सभी इस अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं. 2014 के आम चुनाव में मोदी लहर पर सवार होकर बीजेपी ने सातों सीटों पर जीत हासिल की थी. हालांकि, अगर कांग्रेस और आप का गठबंधन हो जाता तो तस्वीर कुछ और हो सकती थी. क्योंकि, दोनों दलों को वोट प्रतिशत मिलाने पर ज्यादा हो रहा है.
दिल्ली के दंगल में कौन-कौन
दिल्ली की पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी और उत्तर पश्चिम सीट पर बीजेपी और कांग्रेस सेलिब्रिटी के सहारे हैं. उत्तर पूर्वी दिल्ली पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और बोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ताल ठोंक रहे हैं उनके प्रचार के लिए सपना चौधरी से लेकर सुनील शेट्टी, खेसरी यादव, पवन सिंह प्रचार में लगे हैं. उत्तर पश्चिम सीट की बात करें तो सूफी गायक हंसराज हंस मैदान में हैं और उनके लिए सनी देओल, दलेर मेंहदी, सपना चौधरी प्रचार में लगी हैं. पूर्वी दिल्ली से पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर अपनी सियासी पारी की शुरुआत कर रहे हैं.
किस सीट पर क्या समीकरण
उत्तर पूर्वी सीट: इस बार इस सीट पर मुकाबला एकदम हाईप्रोफाइल हो गया है. क्योंकि, एक ओर जहां मनोज तिवारी हैं वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ताल ठोंक रहे हैं. लेकिन आप के दिलीप पांडे ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है, उत्तर पूर्व की इस सीट पर 2014 के आंकड़े देखें तो बीजेपी को करीब 45 फीसदी, आप को 34 और कांग्रेस को 16 फीसदी वोट मिले थे. लेकिन आप और कांग्रेस के वोट मिलाए तो बीजेपी के वोट से 5 फीसदी ज्यादा थे.
पूर्वी दिल्ली सीट: पूर्वी दिल्ली सीट पर बीजेपी से गौतम गंभीर आप से आतिशी और कांग्रेस से अरविंद सिंह लवली उम्मीदवार है. 2014 में यहां से बीजेपी के महेश गिरी चुनाव जीते थे. 2014 के वोट प्रतिशत में बीजेपी को 47.83 प्रतिशत, आप को 31.91 और कांग्रेस को 16.99 फीसदी वोट मिले थे.
नई दिल्ली सीट: नई दिल्ली लोकसभा सीट पर लेखी फिर से बीजेपी की ओर से मैदान में हैं. आप से ब्रिजेश गोयल और कांग्रेस से पूर्व अध्यक्ष अजय माकन मैदान में हैं. 2014 के आंकड़े बताते हैं कि, यहां बीजेपी को 46.73 प्रतिशत, आप को 29.96 और कांग्रेस को 18.85 प्रतिशत वोट मिले थे. आप और कांग्रेस का वोट प्रतिशत बीजेपी से दो फीसदी ज्यादा था.
उत्तर पश्चिम सीट: इस सीट पर बीजेपी ने अपने पुराने सांसद उदित राज का टिकट काटकर गंसराज हंस को अपना उम्मीदवार बनाया है.कांग्रेस से राजेश लिलोठिया और आप से गुगन सिंह रंगा मैदान में हैं. इस सीट पर 2014 में बीजेपी को 46.45 फीसदी, आप को 38.57 और कांग्रेस को 11.67 फीसद वोट मिले थे. आप और कांग्रेस को मिला 3 फीसदी वोट मिला था.
पश्चिमी दिल्ली सीट: इस सीट पर प्रवेश वर्मा बीजेपी से आप से बलवीर जाखड़ और कांग्रेस से महाबल मिश्रा मैदान में हैं. इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस का वोट प्रतिशत बीजेपी से कम रहा था.
दक्षिण दिल्ली सीट: दक्षिणी दिल्ली के सियासी दंगल में बीजेपी से रमेश बिधूड़ी आप से युवा नेता राघव चड्ढा और कांग्रेस से मुक्केबाज विजेंद्र सिंह मैदान में हैं. पिछले चुनाव में बिधूड़ी ने यहा देवेंद्र सहरावत को हराया था. वोट के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीजेपी को 45.15 फीसदी, आप को 35.45 और कांग्रेस को 11.35 प्रतिशत वोट मिले थे.
