लखनऊ/नई दिल्ली : पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीट सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर में आज वोटिंग होगी. मतदान के लिए चुनाव आयोग द्वारा सारी तैयारियां कर ली गई हैं. मतदाता सुबह 7 बजे से शाम को 6 बजे तक वोट डाल सकेंगे.
11 बजे तक कहां कितनी वोटिंग हुई
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चन्द्र राय के मुताबिक सहारनपुर में 25.60 प्रतिशत, कैराना में 24 प्रतिशत, मुजफ्फरनगर में 26.40 प्रतिशत, बिजनौर में 25.10 प्रतिशत, मेरठ में 21.80 प्रतिशत, बागपत 25 प्रतिशत, गाजियाबाद में 22.40 प्रतिशत, गौतमबुद्घ नगर में 24.24 प्रतिशत मतदान हुआ है.
वोट कटने पर जाहिर की गई नाराजगी
वहीं, मेरठ में सरधना नगर पालिका के चेयरमैन निजाम अंसारी की पत्नी और पौत्र के वोट कटने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है. मेरठ में पल्लवपुरम के कई बूथों पर मतदाताओं के वोट कटने पर हंगामा हुआ है. इलियान क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम न मिलने पर कई जगह हंगामा भी हुआ. शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में मुस्लिम महिलाएं काफी संख्या में मतदान करने पहुंची हैं. बागपत जिले में मतदाता अभी अपने काम निपटाने में लगे हुए हैं. खेत में गेंहूं काटते हुए एक मुस्लिम मतदाता ने कहा कि ‘पहले काम, फिर दोपहर बाद करेंगे मतदान’.
LIVE अपडेट्स
– सुबह 9 बजे तक मेरठ में 10 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं, बागपत में 11 फ़ीसदी मतदान दर्ज किया गया.
– मेरठ के राजकीय इंटर कॉलेज लावड़ में 4 ईवीएम खराब, प्राइमरी पाठशाला में 2 मशीनें खराब होने से मतदान रूका.
– छत्तीसगढ़ के बस्तर सीट के नारायणपुर में मतदान से पहले नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया है. इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
– मुज़फ्फरनगर के बूथ नंबर 105 में ईवीएम खराब होने से अब तक मतदान शुरू नहीं हो सका है. मतदाता घंटों से लाइन में खड़े हैं.
आठ सीटों को 171 जोन, 1394 सेक्टर में बांटकर मैजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही सरकारी मशीनरी क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर सेटेलाइट के जरिए नजर रखेगी.
तीन स्तरीय सुरक्षा के इंतजाम
किसी भी बूथ पर किसी तरह की कोई भी समस्या उत्पन्न न हो सके, इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. अर्द्धसैनिक बल, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, आरएएफ,आरपीएसएफ को सुरक्षा में तैनात किया गया है.
इतने लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
मुख्यनिर्वाचन अधिकारी ए. वेंकटेश्वर लू के मुताबिक, सभी आठ सीटों के लिए 11 अप्रैल को सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक मतदान होगा. इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है. उन्होंने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए 6,716 मतदान केंद्र और 16,581 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. इन लोकसभा क्षेत्रों में लगभग 1.50 करोड़ मतदाता हैं, इनमें 82.24 लाख पुरुष, 68.39 लाख महिला और 1,014 तृतीय लिंग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
