नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के पहले चरण में आज उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है. मतदान के लिए लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. एक तरफ पश्चिमी यूपी में मतदान जोरों पर हैं. तो वहीं, दूसरी तरफ गुरुवार (11 अप्रैल) को अमेठी और रायबरेली का सियासी पारा एक बार फिर से चढ़ने वाला है. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज अमेठी से नामांकन भरने जाने वाली हैं.
स्मृति ईरानी के साथ मौजूद होंगे योगी आदित्यनाथ
स्मृति ईरानी के नामांकन के दौरान सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी वहां पर मौजूद रहेंगे. अमेठी लोकसभा सीट पर स्मृति ईरानी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को टक्कर दे रही हैं. स्मृति ईरानी के नामांकन के दौरान कई सारे वीवीआईपी लोगों के उम्मीद है. ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद के कारण जिला प्रशासन ने अमेठी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.
रायबरेली में सोनिया गांधी करेंगी नामांकन
अमेठी के साथ रायबरेली का सियासी पारा यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के नामांकन के कारण चढ़ने वाला है. सोनिया गांधी के नामांकन के लिए पूरा गांधी परिवार पहले से ही रायबरेली में मौजूद हैं. इस दौरान प्रियंका गांधी पति रॉबर्ट वाड्रा और दोनों बच्चों के साथ मां के साथ रहेंगी. कार्यक्रम के मुताबिक, आज दोपहर 1 से 2 बजे के बीच सोनिया गांधी पर्चा दाखिल करेंगी. इससे पहले कांग्रेस दफ्तर में पूजा की जाएगी.
नामांकन से पहले करेंगी रोड शो
जानकारी के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने से पहले सोनिया गांधी कांग्रेस कार्यालय से ही एक छोटा रोड शो कर सकती हैं. माना जा रहा है कि ये रोड शो एक किलोमीटर से कम का होगा. 2004 से सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद हैं. सोनिया ने साल 2004, 2006 उपचुनाव, 2009 और 2014 में इस सीट पर जीत दर्ज की है. सोनिया गांधी को 2014 में 5,26,434 वोट मिले थे. अब पांचवीं बार एक बार फिर चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रही हैं.
