बस्ती: पुलिस अपनी बेरहम छवि से हटकर प्रेम के रास्ते पर चलकर खूब वाहवाही लूट रही है. प्रेमी और प्रेमिका की जिद के आगे न सिर्फ परिवार वालों को झुकना पड़ा बल्कि पुलिस भी उनके प्यार के आगे नतमस्तक हो गई और फिर पुलिस वाले बाराती और घराती का रोल निभाकर कोतवाली मे शादी समारोह का आयोजन कर डाला.
घर से भाग कर रह रहे प्रेमी और प्रेमिका को कोतवाली पुलिस ने बरामद किया और उनकी शादी कराकर उन्हें आजाद कर दिया. कुछ दिन पूर्व घर से भागे प्रेमी प्रेमिका को पुलिस पकड़कर थाने ले आई.

दोनों के परिजनों को बुलाकर आपसी सहमति के बाद दोनों की थाने में ही शादी करवा दी गई. थाने में ही प्रेमी प्रेमिका ने एक दूसरे को माला पहनाकर शादी रचाई. पुलिसकर्मियों ने जोड़े को उपहार देकर दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महेन्द्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि ओम प्रकाश प्रजापति पुत्र बेचन प्रसाद उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम दैजी थाना लालगंज जनपद बस्ती एवं कुमारी शोभा पुत्री रामकेश प्रजापति निवासी ग्राम करण खास थाना पुरानी बस्ती जनपद बस्ती आपस में प्रेम सम्बन्ध के कारण कहीं बाहर भाग गए थे.
क्षेत्राधिकारी सदर आलोक सिंह द्वारा दी गयी सूचना पर थाना कोतवाली पर लाकर पूछताछ की गई तो दोनों बालिग पाये गये. तब दोनों के माता पिता को बुलाकर समझाया बुझाया गया. दोनों पक्षों के तैयार होने पर माला व मिठाई मंगाकर दोनों का विवाह करा दिया गया.
