लखनऊ: रविवार को चुनाव आयोग द्वारा 2019 के लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. आयोग द्वारा तारीखों का ऐलान करने के बाद लखनऊ ईदगाह के इमाम व शहरकाजी मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने 6 मई से 19 मई के बीच होने वाले चुनाव को लेकर ऐतराज जताया है.
चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के बाद खालिद रशीद ने कहा कि 5 मई से मुस्लिम समुदाय का सबसे पवित्र महीना यानि की रमजान का महीना शुरू हो रहा है. उन्होंने कहा कि अगर 5 मई को चांद दिख जाता है तो 6 मई से रोजे शुरू होंगे. रोजे के दौरान देश में 6 मई, 12 मई व 19 मई को मतदान होगा. उन्होंने कहा कि रमजान के पाक महीने में वोटिंग होने के कारण करोंड़ो मुस्लिम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
फरंगी महली ने कहा, “पांच मई से रमजान शुरू हो जाएगा. चांद देखने के बाद पहला रोज छह मई को पड़ेगा. ऐसे में गर्मी के कारण मुस्लिमों को दिक्कत हो सकती है. इन बातों का ध्यान रखते हुए आयोग तिथियों में बदलाव कर दे तो बेहतर होगा.”
शहर काजी और मुफ्ती अबुल इरफान ने कहा, “पांच मई को मुसलमानों के सबसे पवित्र महीना रमजान का चांद देखा जाएगा. चांद दिख जाता है तो छह मई को पहला रोजा होगा. रमजान के दौरान भयंकर गर्मी होगी. ऐसे में रोजेदारों को वोट डालने के लिए घरों से निकलने में दिक्कत होगी. इससे वोट प्रतिशत भी घटेगा. हम हमेशा लोगों से वोट ज्यादा से ज्यादा डालने की अपील भी करते हैं. लेकिन इस दौरान यह मुनासिब नहीं हो पाएगा. चुनाव आयोग इस बात का ख्याल रखते हुए तिथियों को बदल दे. यह हमारी उनसे मांग है.”
यूपी में सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, यहां जानें कब-कब होगी वोटिंग
उन्होंने कहा कि छह मई, 12 मई व 19 मई को मतदान की घोषणा की गई है जिस दौरान रमजान चल रहे होंगे. इस दौरान तापमान काफी अधिक होता है. इन तारीखों को बदल कर कुछ और चुन लें जिससे मुस्लिमों को सहूलियत हो जाएगी.
शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद ने कहा कि आयोग को रमजान की तारीख को ध्यान में रख कर घोषणा करनी चाहिए थी. वोट डालने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता है. ऐसे में रोजेदारों को गर्मी में मुश्किल होगी. ऐसे में मुस्लिमों की तादात भी वोट डालने से वंचित रह जाएगी. लोकतंत्र के इस पर्व का उत्साह भी फीका हो जाएगा. इसलिए हमारी गुजारिश है कि चुनाव आयोग इन तारीखों को बदल दें.
तारीखों के बदलने पर हो विचार
चुनाव आयोग ने मांग करते हुए उन्होंने कहा कि एक बार फिर उन्हें तारीखों के बदलाव के बारे में विचार करना चाहिए. उल्लेखनीय है कि रविवार को चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. चुनाव सात चरणों में होगा. मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को व आखिरी चरण 19 मई को होगा. मतगणना 23 मई को होगी.
