KANPUR: कानपुर की ACMM तृतीय कोर्ट में एक अजब-गजब मामला सामने आया और ये सनसनीखेज कांड अब पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चाओं का बाजर गरम है. कोर्ट में अफरातफरी का माहौल है. क्योंकि, इधर कोर्ट ने मंत्री को दोषी करार देते हुए फैसला सुरक्षित रखा औऱ उधर मंत्री जी सजा की आशंका में कोर्ट से फरार हो गए. उनके वकील पर भी जज से आदेश की कॉपी छीनकर भागने का आरोप लगा है।
कोर्ट में क्या हुआ…
दरअसल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भोगनीपुर से बीजेपी के विधायक राकेश सचान पर रेलवे में ठेकेदार रहते गिट्टी चोरी का मामला कोर्ट में विचाराधीन था. शनिवार को कोर्ट में बहस के समय मंत्री राकेश सचान पेशी पर पहुंचे थे. तमाम दलील और सुनवाई के बाद एसीएमएम थर्ड आलोक यादव ने मामले में मंत्री को दोषी करार दिया और सजा के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया. इसी बीच सजा की आशंका में पेशी पर आए मंत्री राकेश सचान कोर्ट से गायब हो गए. आरोप तो ये भी लग रहे हैं कि, मंत्री राकेश सचान के वकील अविनाश कटियार होल्ड ऑर्डर को कोर्ट से जबरन लेकर फरार हो गए है. इसके बाद से कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल है. खबर है कि, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के दबाव के चलते इस मामले को दबाने की कोशिश हो रही है ।
क्या है मामला…
यूपी सरकार में मंत्री राकेश सचान के खिलाफ रेलवे की ठेकेदारी के दौरान गिट्टी चोरी होने पर आइपीसी की धारा 389 और 411 में मुकदमा दर्ज किया गया था. चोरी गई गिट्टी की बरामदगी भी हो गई थी. गिट्टी चोरी के 35 साल पुराने मामले में हुई थी सुनवाई.ये मामला तब का है जब सचान रेलवे ठेकेदार थे ।
कौन हैं सचान?
कानपुर के किदवई नगर के रहने वाले राकेश सचान ने अपनी राजनीति की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी. 1993 और 2002 में वह घाटमपुर विधानसभा सीट से विधायक रहे और 2009 में उन्होंने फतेहपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था. उन्होंने बसपा के महेंद्र प्रसाद निषाद को करीब एक लाख वोटों से हराया था. राकेश सचान मुलायम सिंह और शिवपाल सिंह के बेहद करीबी माने जाते थे. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व सांसद राकेश सचान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे. भाजपा ने राकेश सचान को कानपुर देहात की भोगनीपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था और उन्होंने सपा के नरेंद्र पाल सिंह को हराकर जीत हासिल की थी. प्रदेश सरकार में उन्हें एमएसएमई मंत्री बनाया था. सचान अभी यूपी सरकार में मंत्री और भोगनीपुर से MLA हैं
