गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में अहमदाबाद के रानिप में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला जो गुजरात के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र का एक हिस्सा है. वोट करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदान केंद्र के बाहर एक बच्ची के साथ खेलते हुए नजर आए. अपनी मां हीराबेन से आशीर्वाद लेने के बाद जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलिंग बूथ पर अपने हक का प्रयोग करने के लिए पहुंचे वहां पर उनके साथ एक बच्ची नजर आई.
बीजेपी से बच्ची का है खास कनेक्शन
प्रधानमंत्री मोदी ने न सिर्फ बच्ची को गोद में लिया, बल्कि काफी समय तक उसके साथ खेलते हुए नजर आए. प्रधानमंत्री की गोद में बच्ची देख सब इसके बारे में जानना चाह रहे हैं. दरअसल, ये बच्ची बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की पोती है. पीएम मोदी की गोद में शाह की नन्ही सी पोती रूद्री शाह हैं. शाह के बेटे जय और उनकी पत्नी ऋषिता की बेटी दो साल की होने वाली हैं और अपनी उम्र के हिसाब से काफी नटखट हैं.
पहले भी कई जगह शाह के साथ दिखीं ही रूद्री
यह कोई पहला मौका नहीं है जब रूद्री शाह को अमित शाह के साथ देखा गया हो, इससे पहले भी कई ऐसे मौके आए हैं, जब रूद्री शाह के साथ दिखीं हैं. गांधीनगर सीट से जब अमित शाह ने नामांकन भरने के बाद रोड शो किया था, तब भी रूद्री उनके साथ नजर आईं थी.
