रायबरेली/लखनऊ : लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अपने गढ़ में आज ताकत का प्रदर्शन करेगी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रायबरेली में चुनावी रैली करेंगे. सोनिया गांधी जहां केवल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी वहीं प्रियंका गांधी रायबरेली में दो और राहुल गांधी अमेठी में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन इंद्रेश विक्रम सिंह के मुताबिक, प्रियंका और सोनिया सोमवार फुरसतगंज हवाई अड्डे दोपहर करीब दो बजे पहुंचेंगी. इसके बाद ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने जाएंगी.
राहुल गांधी 24 को बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में करेंगे सभा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 24 अप्रैल (बुधवार) को बृजेन्द्र स्वरूप पार्क के मंच से दहाड़ेंगे. उनकी जनसभा के स्थान को रविवार को एसपीजी की टीम ने निरीक्षण के बाद हरी झंडी दे दी. साथ ही नगर आयुक्त ने प्रस्ताव मिलने के बाद एनओसी की भी औपचारिकता पूरी कर दी है. एसपीजी की टीम ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव संयोजक सियाराम पाल, मदन मोहन शुक्ल और कांग्रेस पार्षद दल के पूर्व नेता अशोक तिवारी के साथ पहले मोतीझील का मुआयना किया.
