कांग्रेस ने नई सोच की राजनीति की शुरुआत है प्रियंका की एंट्री!

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

अमेठी: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाये जाने के बाद बुधवार को कहा कि उनके :प्रियंका: आने से उत्तर प्रदेश में एक नये तरीके की सोच आएगी और राजनीति में ‘सकारात्मक’ बदलाव आएगा.

सकारात्मक बदलाव की शुरुआत
राहुल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को मिशन दिया है कि वे राज्य में कांग्रेस की सच्ची विचारधारा, गरीबों और कमजोर लोगों की विचारधारा, सबको आगे लेकर बढने की विचारधारा को आगे बढायें.’ उन्होंने कहा कि इस फैसले से उत्तर प्रदेश में नये तरीके की सोच आएगी और राजनीति में सकारात्मक बदलाव आएगा.

युवाओं की जरूरतों का होगा ध्यान
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि प्रियंका और ज्योतिरादित्य काम करेंगे. जो उत्तर प्रदेश को चाहिए, जो उत्तर प्रदेश के युवा को चाहिए, वह कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है .’ उल्लेखनीय है कि प्रियंका को कांग्रेस महासचिव नियुक्त करने के साथ साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा गया है जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है .

बैकफुट नहीं खेलती कांग्रेस
राहुल गांधी ने कहा, ‘हम कहीं भी बैकफुट पर नहीं खेलेंगे. हम राजनीति जनता के लिए, विकास के लिए करते हैं. जहां मौका मिलेगा, हम फ्रंटफुट पर खेलेंगे .’ उन्होंने कहा कि वह बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव का पूरा आदर करते हैं. कांग्रेस और सपा-बसपा की विचारधारा में काफी समानताएं हैं . हमारी लड़ाई भाजपा के खिलाफ है.

सपा-बसपा का सहयोग करेगी कांग्रेस!
राहुल ने कहा कि सपा और बसपा के साथ हमारा जहां भी सहयोग हो सकता है, हम करने को तैयार हैं. जहां भी हम भाजपा को हराने के लिए एक साथ काम कर सकते हैं, करेंगे. साथ ही उन्होंने कहा, ‘मगर कांग्रेस पार्टी की जगह बनाने का काम हमारा है. हमने यह जगह बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है . मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मेरी बहन, जो बहुत कर्मठ है, अब मेरे साथ काम करेगी. ज्योतिरादित्य भी ऊर्जावान युवा नेता हैं.’ उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश की जनता को, युवाओं को, किसान को कहना चाहते हैं कि आपने बहुत समय जाया किया. आपने यहां भाजपा की सरकार बना रखी है . पूरा प्रदेश जानता है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया.

इनपुट एजेंसी से भी…

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *