लखनऊ : रामपुर से सांसद आजम खान के दिन इन दिनों मुश्किलों से गुजर रहे हैं, एक मामला खत्म नहीं होता दूसरा मामला उनपर दर्ज हो जाता है, अब तक आजम पर अवैध तरीके से जमीन कब्जाने के आरोप लगे थे मगर अब उनपर भैंस चोरी का आरोप लगा है. उनके खिलाफ रामपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है. सपा सांसद के खिलाफ दो लोगों ने एफआईआर दर्ज कराई है.
आजम सहित 6 लोग नामजद
एक शख्स ने दो भैंस और दूसरे ने एक भैंस चोरी होने की एफआईआर दर्ज करवाई है. मामले में आजम खान सहित 6 नामजद हैं. वहीं 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 504, 506, 427, 395, 448 और 492 के तहत केस दर्ज हुआ है. बताते चलें कि साल 2014 में खुद आजम खान की भैंसें चोरी हो गई थीं. ये मामला सुर्खियों में भी रहा था. लंबे समय तक मीडिया और राजनीतिक घरानों में चर्चा का केंद्र रहे इस मामले में पुलिस को पांच महीने बाद सफलता मिली थी. यूपी पुलिस ने भैंस चोर को ढूंढ निकाला था. उसे इटावा के बकेवर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
29 मुकदमें पहले से दर्ज हैं
इससे पहले बुधवार को आजम खान पर चल रहे 29 मुकदमों में जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई. आजम खान के खिलाफ जमीनी विवाद, लोक प्रतिनिधि अधिनियम और कई दूसरे मामलों में जिला अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज की.
