मेरठ: मेरठ में मासूम बच्चियों के शोषण का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. इस मामले की कहानी ने नोएडा के निठारी कांड की याद दिला दी है. मेरठ का ये हैवान छोटी बच्चियों को ना केवल अपनी हवस का शिकार बनाता था बल्कि उनके वीडियो भी रिकॉर्ड करता था. और बाद में उनके वीडियो देखता था. आरोपी 62 साल का एलआईसी का रिटायर अधिकारी है. आरोपी विमल चंद के घर जागृति विहार से जो सामान मिले हैं उन्हें देखकर पुलिस भी हैरान है. आरोपी विमल कई बच्चियों के अलावा तीन युवतियों का भी शो,ण कर चुका है.
ऐसे करता था घिनौना काम
मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला विमल चंद एलआईसी से रिटायर है. उसकी पत्नी की 2015 में मौत हो चुकी है. बेटी विदेश रहती है और विमल अपनी कोठी में अकेला रहता है. विमल छोटी बच्चियों के बहाने से बुलाता था और उनका यौन शोषण करता था. कहा जाता है कि, इस मामले में उसकी एक नौकरानी भी सहयोग करती थी जो बच्चियों को लालच देकर घर लाती थी. विमल इन गरीब बच्चियों की परवरिश और संगीत सिखाने के बहाने भी बुलाता था. उसके घर से घुंघरू और पायल भी मिली हैं. यौन शोषण के लिए विमल इन लड़कियों पर बहुत पैसा भी खर्च करता था. और बाद में यौन शोषण की वीडियो सीसीटीवी से निकालकर देखता था.
ऐसे खुली दरिंदगी की पोल
दरअसल, विमल ने कुछ दिन पहले ही घर मे सीसीटीवी लगवाए थे. बक्सर के रहने वाले आशु ने विमल के घर में कैमरे लगाए थे लेकिन इसी दौरान आशु ने उसके सीसीटीवी का पासवर्ड अपने मोबाइल पर कनेक्ट कर लिया. और सारे वीडियो देखता रहा. फिर एक दिन आशु ने आरोपी विमल को ब्लैकमेल किया. आशु ने आरोपी विमल से इसके लिए 25 लाख रूपए मांगे. विमल ने इसके बदले वीडियो मांगे लेकिन वीडियो मांगते ही विमल पलट गया और पूरे मामले की पोल खुल गई.
