दिवाली से पहले फॉग में लिप्टा दिल्ली-NCR, दुश्मन बनेगी जीवनदायनी हवा!

अपना एनसीआर

नई दिल्ली : दिल्ली में सोमवार को हवाओं की स्थिति बेहद खराब स्तर पर पहुंच गयी. सोमवार की सुबह जहां लोग ये सोचने में लग गए कि कैसे दिवाली के पहले धनतेरस को मनाया जाए, घर में क्या नया लाया जाए तो वहीं दूसरी तरफ जीवन देने वाली हवा जान की दुश्मन बन गयी. सुबह से पूरी दिल्ली और एनसीआर में धुंध छाया रहा. तापमान में गिरावट तो आयी ही है इसके साथ ही वायु की गुणवत्ता में भी भारी गिरावट आयी है.

दिल्ली और उसके आस पास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. हवाओं में धूलकणों की बढ़ोत्तरी हो गयी है. सफर के आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल पहली बार सूचकांक 500 के पार पहुंच गया है और सोमवार को दिल्ली के शाहदरा में 757, मंदिर मार्ग पर वायु गुणवत्ता 707, मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम के पास 676, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के पास 681, पंजाबी बाग में 611, आनंद विहार में 752, पूसा रोड पर 748 के स्तर पर चला गया जो हवा के बेहद खतरनाक स्थिति को दर्शाता है.

हवा का स्तर बेहद खतरनाक
जानकार बताते हैं कि हवा का स्तर इतना खराब हो गया है कि दिल्लीवासी रोज 30-35 सिगरेट के बराबर धुआं अपने अंदर ले रहे हैं. दिल्ली में रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पहुंचने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 28 से 30 के बीच रहने की आशंका है. लेकिन न्यूनतम तापमान का ग्राफ रात में 13 डिग्री हो सकता है.

सोमवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस पर रहने के आसार बन रहे हैं. मंगलवार को इसमें एक डिग्री की गिरावट और बुधवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. गुरुवार और शुक्रवार की बात करें तो तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर जाने की आशंका है.

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को कैसे रोका जाए
शहर में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया. दिल्ली-एनसीआर में रविवार को कार्रवाई करते हुए गठित 52 टीमों ने क्लीन एयर कैंपेन के तहत लाखों रुपये का जुर्माना किया. 1-10 नवंबर तक चलाए जा रहे क्लीन एयर कैंपेन के तहत रविवार तक टीम ने 368 शिकायतों पर फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और दिल्ली में कार्रवाई की. इस दौरान आरोपियों पर 83.55 लाख रुपये का जुर्माना किया और निर्माण कार्य से संबंधित 119 शिकायतों पर भी कार्रवाई की गयी. साथ ही ट्रैफिक जाम, वाहनों से प्रदूषण, कचरा जलाने, औद्योगिक इकाईयों से प्रदूषण, धूलकण, लैंडफिल साइट पर आग से प्रदूषण की शिकायतों पर भी कड़ी कार्रवाई की गयी.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *