लखनऊ : उत्तर प्रदेश में एक और भर्ती रुकने की खबर आ रही है, इस बार पुलिस दारोगा 2016 पर रोक लगी है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फैसला सुनाते हुए यूपी पुलिस दरोगा भर्ती 2016 का परिणाम रद्द करने के आदेश जारी किए है. ये आदेश जस्टिस सुनीता अग्रवाल और जस्टिस सुनीत कुमार की खंडपीठ ने दिया है.
2181 दारोगा हुआ था चयन
यूपी पुलिस की दरोगा भर्ती 2016 परीक्षा के अंतिम नतीजों में चयनित होकर ट्रेनिंग कर रहे 2181 दरोगाओं को इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने यूपी पुलिस दरोगा भर्ती 2016 के नतीजों को रद्द कर दिया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नये सिरे से लिस्ट जारी करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने सेलेक्ट लिस्ट को यूपी सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर सर्विस रूल 2015 के विपरीत बताया है.
फेल हुए कैंडिडेट्स ने दी थी चुनौती
पुलिस भर्ती बोर्ड ने 28 फरवरी 2019 को सलेक्शन लिस्ट जारी की थी. लिस्ट में 2181 सलेक्टेड कैंडिडेट्स का नाम घोषित किया गया था. इसके बाद लिखित परीक्षा में फेल हुए कैंडिडेट्स ने सलेक्शन लिस्ट को चुनौती दी थी. जिसे लेकर अतुल कुमार द्विवेदी समेत दूसरे लोगों की याचिकाएं इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल हुई थी. 17 जून 2016 को 2707 पदों के लिए विज्ञापन जारी हुआ था. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इलाहाबाद हाईकोर्ट मामले की सुनवाई कर रही थी. ये आदेश जस्टिस सुनीता अग्रवाल और जस्टिस सुनीत कुमार की खंडपीठ ने दिया है.
