कानपुर : गैंगस्टर विकास दुबे का शुक्रवार सुबह कानपुर शहर से 17 किमी पहले एनकाउंटर कर दिया गया. शाम करीब छह बजे कानपुर के हैलट अस्पताल में तीन डॉक्टरों अरविंद अवस्थी, शशिकांत मिश्र और विपुल चतुर्वेदी के पैनल ने करीब दो घंटे वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया. विकास के सीने से दो गोली बरामद हुई, जबकि एक गोली कमर में लगी थी. पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद विकास का शव उसके बहनोई शिवली के रहने वाले दिनेश तिवारी को सौंपा गया. पुलिस अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए पत्नी ऋचा दुबे और बेटे को भी लेकर पहुंची थी. शव का भैरव घाट पर विद्युत शव दाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया.
पत्नी ऋचा ने मीडिया को कोसा, कहा- वक्त आने पर हिसाब करूंगी
भैरव घाट पर अचानक विकास दुबे की पत्नी मीडिया पर भड़क गईं. वे मीडियाकर्मियों को गालियां देतीं नजर आईं. उन्होंने कहा- वक्त आने पर सबका हिसाब होगा. कहा कि, पहले एनकाउंटर कराते हो फिर न्यूज चलाते हो. लोगों ने पूछा कि, क्या आपके पति ने गलत नहीं किया तो चार बार हां कहकर जवाब दिया.
पहले पत्नी ने शव लेने से किया था इंकार
इससे पहले पत्नी ऋचा और मां सरला दुबे ने शव लेने से इंकार कर दिया था. मां ने कहा था कि वे बेटे विकास का चेहरा नहीं देखना चाहती हैं. गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस ने ऋचा और उसके बेटे को हिरासत में लिया था. हालांकि, उसे आज दोपहर में पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया. उधर, एसएसपी कानपुर दिनेश कुमार प्रभु ने विकास दुबे एनकाउंटर की जांच इंस्पेक्टर गोविंद नगर को सौंपी है.
