अलीगढ़: मोहनलाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय में तथाकथित नेता औरंगजेब के कारनामें के बाद अस्पताल के स्टाफ ने सुरक्षा की मांग की है. बता दें कि, आए दिन इस तरह के अराजक तत्व अस्पताल में स्टाफ पर धौंस जमाते दिखते हैं. लेकिन गजब की बात तो ये कि, इतने बड़े अस्पताल में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है. राजकीय महिला चिकित्सालय में कहीं भी महिला पुलिस की तैनाती भी नहीं है. वहीं लगातार दो दिन हुए हंगामें के बाद अस्पताल के तमाम स्टाफ ने सीएमएस को संयुक्त पत्र के जरिए सुरक्षा की मांग की है. स्टाफ की इस मांग पर अस्पताल प्रशासन की ओर से जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है. बता दें कि, कथित नेता औरंगजेब ने महिला स्टाफ के साथ-साथ अगली रात गेट पर तैनात गार्ड के साथ भी बद्तमीजी की थी ।

गुडवर्क बुक में शामिल है महिला अस्पताल
कोरोना काल हो या रोजमर्रा में मरीजों के इलाज की बात जिले का मोहनलाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय शासन-प्रशासन की गुड वर्कबुक में शामिल है. मंत्री अतुल गर्ग का दौरा हो या महिला आयोग की सदस्य का निरीक्षण, खुद विधायक संजीव राजा भी महिला अस्पताल में तमाम कार्यों की सौगात दे चुके हैं ।
