लखनऊ: विधान परिषद में वित्तीय वर्ष 2020-21 के बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की टोका-टोकी के बीच समाजवादी पार्टी और पूर्ववर्ती सपा सरकार पर तीखे शब्दबाण चलाए. नौकरियों में भ्रष्टाचार से लेकर अवैध बूूचड़खानों के संचालन को लेकर तो उन्होंने सपा सरकार पर हमला किया ही, बेसिक शिक्षा की दुर्दशा और मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ की उपेक्षा के लिए भी ताना मारा. सीएम ने कहा अपने बच्चे को आस्ट्रेलिया में पढ़ाएंगे और गरीब का बच्चा टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ेगा. हमारी सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.2 लाख परिषदीय स्कूलों का पुनरोद्धार कराया है.
बजट युवाओं को समर्पित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट को युवाओं को समर्पित बताया. सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकरी नौकरी निकलती थी तो कुछ लोग झोला लेकर निकलते थे. हमारी सरकार ने 2.81 लाख युवाओं को नौकरी दी है. सपा सरकार में पुलिस भर्ती कोर्ट को रोकनी पड़ी. फिर नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन से मुखातिब हो बोले कि नेता विरोधी दल पुलिस सेवा के अफसर रहे हैं. एक सही अफसर गलत पार्टी में बैठ गया. गलत संगत में इनकी छवि प्रभावित हुई.
विपक्ष पर ली चुटकी
बजट पर चर्चा के दौरान योगी विपक्ष से चुटकी भी लेते रहे. पेंशन योजनाओं का जब वह जिक्र कर रहे थे तो सपा सदस्यों ने समाजवादी पेंशन का जिक्र किया. इस पर योगी ने कहा कि पेंशन तो समाजवादी होती है, न बहुजन समाजवादी पार्टी और न ही कांग्रेस की. इस पर बसपा नेता दिनेश चंद्रा ने कहा कि बहुजन समाजवादी नहीं बहुजन समाज पार्टी. योगी ने पलटवार किया कि बहुजन समाजवादी भी ठीक है क्योंकि कभी आप दोनों साथ थे. फिर कहा कि अब सपा, बसपा और कांग्रेस के लिए ‘सबका’ शब्द इस्तेमाल करता हूं.
