सुल्तानपुर: लोकसभा चुनावों से पहले एक बार फिर उत्तर प्रदेश के एक शहर का नाम बदलने की कवायद तेज हो गई है. इलाहाबाद के बाद सुल्तानपुर का नाम बदलकर कुशभवनपुर करने के लिए राज्यपाल राम नाईक ने सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है. दरअसल, राजपूताना शौर्य फाउंडेशन की ओर से राज्यपाल को एक चिट्ठी लिखी गई है, इस चिट्ठी में कहा गया है, जैसे योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया और फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया वैसे ही सुल्तानपुर का नाम बदला जाना चाहिए.
चिट्ठी में राज्यपाल राम नाईक ने लिखा, राजपूताना शौर्य फाउंडेशन के प्रतिनिधि मंडल द्वारा मुझसे मुलाकात कर एक किताब ‘सुल्तानपुर इतिहास की झलक‘ और ज्ञापन दिया, जिसमें उन्होंने सुल्तानपुर को हेरिटेज सिटी में शामिल किए जाने और उसका नाम बदलकर कुशभवनपुर किए जाने का अनुरोध किया है. इस किताब के आधार पर उचित कार्यवाही किया जाए.

इससे पहले बदला था प्रयागराज का नाम
उल्लेखनीय है कि सूबे में योगी आदित्यनाथ की सत्ता कयाम होने के साथ ही मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया था. इसके अलावा इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया गया है.
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
