अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (Aligarh muslim university) प्रशासन की ओर से एमबीए और बी-एलआईबी की प्रवेश परीक्षाओं को निरस्त कर दिया गया है. मंगलवार को प्रशासन की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार, एएमयू इंतज़ामिया ने 26 मई को हुई एमबीए और 23 मई को हुई बी-लिब का परीक्षा पेपर लीक होने के चलते एडमिशन एंट्रेंस टेस्ट को फिलहाल के लिए निरस्त करने का फैसला लिया है.
इस दिन होंगी परीक्षाएं
प्रशासन की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार, अब परीक्षाओं का आयोजन अगले महीने यानि की जून की 15 और 16 तारीख को किया जाएगा. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (Aligarh muslim university) के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई प्रवेश परीक्षा को निरस्त किया गया हो.
परीक्षा पेपर आउट होने के बाद 4 लोग गिरफ्तार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की एमबीए प्रवेश परीक्षा का पेपर रविवार को आउट हो गया था. परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नों के उत्तरों की पर्चियां केंद्र के अंदर पहुंच गईं. मामले की जानकारी मिलते ही एएमयू प्रशासन में खलबली मच गई. देर शाम पुलिस ने इस रैकेट के सरगना सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार हुए लोगों में एक पूर्व छात्र और दो एएमयू कर्मी शामिल हैं.
