आगरा : कोरोना वायरस पूरी दुनिया में कहर बनकर टूटा है. भारत में भी इसका असर देखने को मिल रहा है. सुरक्षा के लिहाज से सरकार ने नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जानें से बचने के लिए कहा है. लेकिन आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबके होश उड़ा दिए हैं. आगरा की एक युवती इटली में अपने पति के साथ हनीमून मनाकर बेंगलुरु वापस लौटी थी.
बेंगलुरु से फरार हुई थी पत्नी
पति की स्क्रीनिंग हुई तो वह कोरोना वायरस से ग्रसित पाया गया. लिहाजा, महिला को भी आइसोलेशन में रखा गया. लेकिन महिला ने अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा और आइसोलेशन से भाग निकली. 8 मार्च को बेंगलुरु से फ्लाइट पकड़ने के बाद वो दिल्ली और फिर वहां से ट्रेन पकड़ कर अपने मायके आगरा जा पहुंची. जब स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी मिली तो अधिकारियों के होश उड़ गए और वे हरकत में आए.
परिवार को आइसोलेशन में रखा गया
आगरा के सीएमओ मुकेश कुमार वत्स की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी महिला के घर पहुंचे तो पाया कि वह 8 सदस्यों के साथ रह रही है. उसका कोरोना टेस्ट किया गया जो पॉजिटिव आया. इसके बाद उसके घर के सभी सदस्यों को आइसोलेशन में रखा गया. अब स्वास्थ्य विभाग महिला के ट्रैवल रूट को ट्रेस कर रहा है. स्वास्थ्य विभाग उन सभी लोगों की जांच करना चाहता है जो महिला के आसपास फ्लाइट या ट्रेन में मौजूद थे ताकि किसी को भी कोरोना संक्रमण की कोई भी आशंका खारिज की जा सके.
फरवरी में हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, फरवरी में ही इस महिला की शादी हुई थी. महिला अपने पति के साथ इटली में हनीमून मनाने गई थी. वहां से वो दोनों ग्रीस और फ्रांस भी गए थे. दोनों 27 फरवरी को मुंबई आए थे और वहां से बेंगलुरु गए थे. बीते 7 मार्च को महिला के पति का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव निकला था.
