बुलंदशहर : आए दिन सोशल क्राइम के मामले सामने आ रहे हैं, ताजा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है. आरोप है कि यहां के एक युवक ने दिल्ली के थाना सीलमपुर निवासी एक युवती को फेसबुक पर दोस्ती कर, शादी का झांसा देकर उससे बलात्कार किया और बाद में शादी से मुकर गया. पीड़िता अब न्याय की आस लेकर दर-दर की ठोकरें खा रही है.
विदेश में करता था नौकरी
पीड़िता ने एक बार फिर देहात कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है . दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व फेसबुक पर उसकी दोस्ती देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी. आरोपी युवक सऊदी अरब में नौकरी करता था। उसने भारत वापस लौटने के बाद पीड़िता से शादी करने की बात कही थी. पीड़िता का आरोप है कि करीब डेढ़ माह पूर्व आरोपी युवक भारत वापस लौटा था.
दोस्त के कमरे पर किया बलात्कार
इस दौरान उसने पीड़िता को दिल्ली स्थित इंडिया गेट मिलने के लिए बुलाया था. पीड़िता उससे मिलने के लिए चली गई थी। इसके बाद आरोपी युवक उसे अपने एक अन्य साथी के कमरे पर ले गया था, जहां आरोपी युवक ने उसे जल्द ही निकाह करने का आश्वासन दिया था. साथ ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता को बुलाया गांव
पीड़िता ने बताया कि गत 21 सितंबर को आरोपी ने उसको अपने गांव बुला लिया था. जहां उसके परिजनों ने पीड़िता के साथ अभद्रता की और शादी करने से इंकार कर दिया. साथ ही उसे घर से निकाल दिया था. पीड़िता ने मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है. देहात कोतवाली पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.
