नई दिल्ली : भारतीय रेल को लेकर भले ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि रेलवे स्टेशन पर कई सुविधाओं का अभाव रहा है लेकिन रेलवे से ही जुड़ी इस खबर को जानकर काफी राहत मिलेगी. देश के 200 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी सुरक्षा से लैस किया जाएगा. जिसके बाद आप ऐसा फील कर सकते हैं कि आप रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर नहीं बल्कि एयरपोर्ट पर खड़े हैं.
अगर ऐसा हुआ तो एयरपोर्ट की तरह ही प्लेटफॉर्म जाने से पहले यात्रियों की चेकिंग की जाएगी. रैंडम चेकिंग वाले इस नए सिस्टम की सेवा से सबसे पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और कर्नाटक के हुबली रेलवे स्टेशनों को लैस किया जाएगा.
सीमित एंट्री और एग्जिट प्वाइंट
इस नये सिस्टम पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के डायरेक्टर जनरल अरुण कुमार ने कहा कि “अब और अधिक तकनीक का इस्तेमाल करेंगे. बेहतर निगरानी के लिए सीमित एंट्री और एग्जिट प्वाइंट होंगे. चेकिंग के अंदर सामान की स्कैनिंग भी उपलब्ध होगी. लोगों को ट्रेन के समय ले पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी जाएगी.” चेकिंग सिस्टम को लेकर कुमार ने जानकारी दी कि इस चेकिंग सिस्टम में रियल टाइम फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर का भी इस्तेमाल किया जाएगा. जिससे कि अंजान अपराधियों को लेकर आरपीएफ को सूचित किया जाए जिससे कि सतर्कता बरती जा सके. वे हुबली में सुरक्षा सिस्टम की तैयारियों का जायजा लेने भी पहुंचे.
कुंभ मेले के मद्देनजर लिया गया फैसला
कुंभ मेले के लिए प्रयागराज में बड़ी संख्या में यात्री आएंगे. उन लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यहीं से इस सेवा की शुरुआत का निर्णय लिया गया है. इसके बाद हवाई यात्रियों की तरह रेलयात्रियों को भी ट्रेन खुलने के समय से 20 मिनट पहले ही स्टेशन पहुंचने का नियम बनाया गया है. एयरपोर्ट की ही तरह यात्रियों को स्टेशन पर पहले पहुंचने की अनुमति दी जाएगी. ट्रेन खुलने के 15 से 20 मिनट पहले नहीं पहुंच पाने की स्थिति में यात्रियों को स्टेशन में घुसने नहीं दिया जाएगा.
