बुलंदशहर : लंबे वक्त से खुर्जा विधानसभा में युवाओं की मांग है कि शहर के एकमात्र सरकारी डिग्री कॉलेज NREC को विश्वविद्यालय की मान्यता प्रदान की जाए, इस संबंध में शहर के युवा अपने स्तर पर कई बार कैंपेन भी चला चुके हैं और धरना प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश भी कर चुके हैं. मगर शहर को शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती प्रदान करने के लिए विधायक बिजेन्द्र सिंह ने बड़ी पहल की है
विशेष सत्र में उठाया मुद्दा
महात्मा गांधी जयंती पर लखनऊ में बुलाए गए विधानसभा सत्र में खुर्जा विधायक बिजेन्द्र सिंह ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर शहर के हजारों युवाओं की आवाज उठाई, विधायक ने अपने भाषण में एनआरईसी कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने की मांग करते हुए विधानसभा स्पीकर से आग्रह किया की शहर को एक उच्च श्रेणी का शैक्षिण संस्थान मुहैया कराया जाए ताकि युवाओं को दूसरे जिले ना जाना पड़े
क्या कहा भाषण में
विधायक बिजेन्द्र सिंह ने अपने भाषण में कहा कि ‘बुलंदशहर जिले में 40 लाख की आबादी है मगर एक भी उच्च श्रेणी का विश्वविद्यालय नहीं है, लिहाजा एनआरईसी कॉलेज जो की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्याल से संबंधित है उसे विश्वविद्यालय बनाया जाए, यहां सभी तरह के कोर्स होते हैं, क्षेत्र का सबसे पुराना कॉलेज है, 80 एकड़ में फैला हुआ है, कॉलेज के पास विश्वविद्यालय बनने की सभी जरुरी मानक पूरे हैं, लिहाजा जल्द ही हजारों युवाओं की मांग पूरी की जाए ‘
शहर के युवा कर चुके हैं आंदोलन
कॉलेज को युनिवर्सिटी बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा चुका है. कॉलेज को लेकर छात्र विधायक से लेकर प्रधानमंत्री तक अनुरोध पत्र सौंप चुके है. विधायक बिजेन्द्र भी राज्यपाल से लेकर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा तक से मिल चुके है. हस्ताक्षर अभियान के दौरान लगभग सात सौ छात्र-छात्राओं ने बोर्ड पर हस्ताक्षर करते हुए अपना समर्थन दिया था. खुद विधायक बिजेन्द्र सिंह ने सबसे पहले हस्ताक्षर कर इस मुहीम को समर्थन किया था.ऐसे में एक बार फिर से विधानसभा में मुद्दा उठाकर विधायक बिजेन्द्र सिंह ने हजारों युवाओं की आवाज बुलंद करने का काम किया है.
