बागपतः लोकसभा चुनावों के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है. शुरुआती घंटों में मतदान की प्रक्रिया थोड़ी धीमी है, लेकिन मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरे इंतजाम किए गए हैं. वहीं, बागपत में मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा वोट देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए उन पर फूलों की बारिश की गई है.
बागपत के बड़ौत में मतदान केंद्र संख्या 126 पर मतदाताओं के स्वागत के लिए फूलों की पंखुड़ियों की बौछार की जा रही है. इसके साथ ही मतदाताओं का ढोल बजाकर स्वागत किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि मतदाताओं को वोटिंग के प्रति आकर्षित करने के लिए ऐसा किया जा रहा है. देखिए VIDEO
डेढ़ करोड़ मतदाता करेंगे अपने अधिकार का प्रयोग
पहले चरण में लगभग डेढ करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 82, 24, 000 पुरुष तथा 68, 39, 000 महिलाएं शामिल हैं. इस चरण के लिए कुल 6716 मतदान केंद्र और 16581 मतदेय स्थल बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं.
दिग्गजों की साख लगी है दांव पर
पहले चरण के चुनाव में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह (गाजियाबाद) तथा महेश शर्मा (गौतम बुद्ध नगर) के साथ साथ रालोद प्रमुख अजित सिंह (मुजफ्फरनगर) और उनके बेटे जयंत चौधरी (बागपत) समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है.
